नई दिल्ली,25 मई(आरएनएस)। भारत निर्वाचन आयोग (ईसीआई) ने सोमवार को नीलम मीना को पश्चिम बंगाल का मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) तत्काल प्रभाव से नियुक्त किया.यह घटनाक्रम सीईओ मनोज कुमार अग्रवाल को पश्चिम बंगाल का मुख्य सचिव नियुक्त किए जाने के कुछ दिनों बाद सामने आया है.
1988 बैच की पश्चिम बंगाल कैडर की भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) अधिकारी नीलम मीना, अग्रवाल का स्थान लेंगी.ईसीआई ने एक अधिसूचना के माध्यम से नए सीईओ की नियुक्ति की घोषणा की है. ईसीआई द्वारा जारी अधिसूचना में कहा गया है, जन प्रतिनिधित्व अधिनियम, 1950 (43 ऑफ 1950) की धारा 13ए की उपधारा (1) द्वारा प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए, भारत निर्वाचन आयोग पश्चिम बंगाल सरकार से परामर्श करके नीलम मीना, आईएएस, (पश्चिम बंगाल:1998) को मनोज कुमार अग्रवाल, आईएएस के स्थान पर पश्चिम बंगाल राज्य का मुख्य निर्वाचन अधिकारी नियुक्त करता है. यह नियुक्ति उनके कार्यभार ग्रहण करने की तिथि से प्रभावी होगी और अगले आदेश तक लागू रहेगी.
चुनाव आयोग ने कहा कि मीना को पश्चिम बंगाल सरकार के अधीन किसी भी प्रकार के कार्यभार को तुरंत छोडऩा होगा और उसे सौंपना होगा, जो वह पदभार ग्रहण करने से पहले धारण कर रही थीं.
मुख्य निर्वाचन अधिकारी के रूप में कार्य करते हुए, मीना राज्य सरकार के अधीन कोई अतिरिक्त प्रभार नहीं संभालेंगी, सिवाय इसके कि उन्हें राज्य सचिवालय में चुनाव विभाग की प्रभारी प्रधान सचिव के रूप में नामित किया जाए.
चुनाव आयोग ने मीना की मुख्य निर्वाचन अधिकारी के रूप में नियुक्ति के संबंध में राज्य के मुख्य सचिव को भी पत्र लिखा. मुख्य सचिव को लिखे पत्र में, चुनाव आयोग के प्रधान सचिव राहुल शर्मा ने लिखा, मुझे पश्चिम बंगाल की मुख्य निर्वाचन अधिकारी के रूप में नीलम मीना, आईएएस (पश्चिम बंगाल:1998) की नियुक्ति के संबंध में आयोग की 25 मई की अधिसूचना को संलग्न करने का निर्देश दिया गया है. चुनाव आयोग के वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि अधिसूचना को पश्चिम बंगाल राज्य राजपत्र में पुन: प्रकाशित कराया जाए.पत्र में लिखा था, यह सुनिश्चित किया जाए कि नीलम मीना तत्काल पश्चिम बंगाल की मुख्य निर्वाचन अधिकारी के पद का कार्यभार ग्रहण करें। एक सप्ताह के भीतर अनुपालन रिपोर्ट भेजी जाए.
००
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

