बिलासपुर, 26 मई (आरएनएस)। जिले के हिर्री थाना पुलिस ने कोयला हेराफेरी के एक बड़े नेटवर्क का खुलासा करते हुए कोल डिपो मालिक, वाहन मालिक और तीन ट्रेलर चालकों समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों पर उच्च गुणवत्ता वाले कोयले को रास्ते में गायब कर उसकी जगह कम गुणवत्ता वाला कोयला भरकर भारी आर्थिक लाभ कमाने का आरोप है।
मामले का खुलासा तब हुआ जब आशीष केशरी ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि स्श्वष्टरु अमेरा विश्रामपुर क्षेत्र की खदान से जी-6 श्रेणी का उच्च गुणवत्ता वाला कोयला तीन ट्रेलरों में लोड कर गोपाल स्पंज एंड पावर प्राइवेट लिमिटेड भेजा गया था। लेकिन प्लांट तक पहुंचने से पहले ही कोयले में हेराफेरी कर दी गई। जांच में सामने आया कि पेण्ड्रीडीह चौक के पास वाहन मालिक गंगा प्रसाद साहू और उसके साथियों ने ट्रेलरों को एक कोल डिपो में ले जाकर प्रत्येक वाहन से लगभग पांच-पांच टन उच्च गुणवत्ता वाला कोयला निकाल लिया। बाद में उसकी जगह 4700 जीसीवी का निम्न गुणवत्ता वाला कोयला भरकर ट्रकों को आगे रवाना कर दिया गया। पुलिस ने मामले में अपराध क्रमांक 123/2026 के तहत बीएनएस की विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू की। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर विशेष टीम बनाई गई, जिसने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और कोयले के नमूनों को लैब जांच के लिए भेजा। तकनीकी जांच और साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने नरेश अग्रवाल, गंगा प्रसाद साहू और ट्रेलर चालक फिरोज अंसारी, निसार अंसारी तथा इमरान अंसारी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद सभी आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और संभावित बड़े आर्थिक नुकसान की जांच में जुटी हुई है।
बंछोर
000
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

