नईदिल्ली,26 मई। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 में मुंबई इंडियंस की टीम ने निराशाजनक प्रदर्शन किया। 5 बार की विजेता टीम मुंबई इंडियंस इस सीजन के प्लेऑफ में भी पहुंचने में नाकाम रही। मुंबई इंडियंस के खराब प्रदर्शन के बीच विकेटकीपर बल्लेबाज रयान रिकेल्टन ने अपनी बल्लेबाजी से प्रभावित किया। वह विकेटकीपर के तौर पर एक सीजन में सर्वाधिक छक्के (संयुक्त रूप से) लगाने वाले बल्लेबाज बने। आइए इस सूची के बारे में जानते हैं।
रिकेल्टन इस सीजन में मुंबई इंडियंस ओर से सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी साबित हुए। इस दक्षिण अफ्रीकी बल्लेबाज ने 12 पारियों में 40.72 की उम्दा औसत और 186.66 की दमदार स्ट्राइक रेट के साथ 448 रन बनाए। इस बीच उन्होंने 123 रन के सर्वोच्च स्कोर के साथ एक शतक और 2 अर्धशतक लगाए। मुंबई इंडियंस के इस प्रमुख विकेटकीपर ने सीजन में 38 छक्के लगाए। उन्होंने 31 चौके भी लगाए।
आईपीएल 2024 में सनराइजर्स हैदराबाद की टीम उपविजेता रही थी। फाइनल में सनराइजर्स हैदराबाद को कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ हार मिली थी। सनराइजर्स हैदराबाद के उस अभियान में हेनरिक क्लासेन का बल्ला खूब चला था। उन्होंने विकेटकीपिंग करते हुए 16 मैच खेले थे और इसकी 15 पारियों में 39.91 की औसत और 171.07 की स्ट्राइक रेट से 479 रन बनाए थे। उन्होंने 19 चौके और 38 छक्के भी लगाए थे।
आईपीएल 2018 में दिल्ली कैपिटल्स से ऋषभ पंत ने जोरदार प्रदर्शन किया था। उन्होंने उस सीजन में 14 पारियों में 52.61 की औसत और 173.60 की स्ट्राइक रेट के साथ 684 रन बनाए थे। इस विकेटकीपर बल्लेबाज ने एक साथ और 5 अर्धशतक लगाए थे। उस सीजन में पंत ने 37 छक्के और 68 चौके लगाए थे। यह इकलौता ऐसे सीजन है, जिसमें पंत ने 600 से अधिक रन बनाए हैं।
००
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

