लखीमपुर खीरी 26 may, (rns) /- जिले के मितौली तहसील क्षेत्र के कारीबरेडी गांव में सोमवार रात भीषण आग लग गई। इस अग्निकांड में करीब 50 घर जल गए, जिससे ग्रामीणों को लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। आग से पांच मवेशी जलकर मर गए।
रात में आग लगने के बाद पूरे गांव में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग बुझाने का प्रयास किया। सूचना मिलते ही एसडीएम मितौली मधुसूदन गुप्ता, सीओ यादवेंद्र यादव और एसएचओ महेश पाठक मौके पर पहुंचे। उन्होंने तुरंत फायर ब्रिगेड की गाड़ियां बुलाईं।
तेज आंधी के कारण आग तेजी से फैली और पूरे गांव को अपनी चपेट में ले लिया। तहसील प्रशासन और पुलिस सुबह से ही गांव में मौजूद रही। टीम राहत एवं बचाव कार्य में जुटी रही। प्रशासन ने अग्निकांड पीड़ित परिवारों को सहायता देने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

