पन्ना 26 may, (Rns) । मध्य प्रदेश के पन्ना जिले के अजयगढ़ थाना क्षेत्र से एक बड़ा हादसा सामने आया है। यहां एक खेत में कुएं की खुदाई के दौरान अचानक मिट्टी धंसने से 5 मजदूर मलबे में दब गए। घटना मंगलवार दोपहर करीब 12 बजे अजयगढ़ जनपद के ग्राम बीहरपुरवा में हुई। सूचना मिलते ही प्रशासन की टीम मौके पर पहुंचीं और मशीनों के माध्यम से युद्धस्तर पर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया है। अब तक एक मजदूर का शव बरामद कर लिया गया है, जबकि अन्य को निकालने के प्रयास जारी हैं।
मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम बीहरपुरवा के नयापुरवा में रहने वाले बिन्नू अहिरवार के खेत में पिछले करीब 10 दिनों से कुएं की खुदाई का काम चल रहा था। इस काम में कुल 7 मजदूर लगे हुए थे।
मंगलवार दोपहर को जब खुदाई का काम जारी था, तभी दो मजदूर पानी पीने के लिए कुएं से बाहर आए थे। इसी दौरान अचानक कुएं की मिट्टी भरभराकर धंस गई। कुएं के अंदर गहराई में काम कर रहे बाकी 5 मजदूर संभल भी नहीं पाए और पल भर में मलबे के नीचे दब गए। ऊपर मौजूद मजदूरों ने जब यह मंजर देखा तो उनके होश उड़ गए और उन्होंने तुरंत शोर मचाकर आसपास के लोगों को इकट्ठा किया।

