धमतरी 26 मई (आरएनएस) मोबाइल पर बात करते हुए तेज रफ्तार हाईवा सड़क पर दौड़ रहा था, रेत से ओवरलोड यह भारी वाहन किसी बड़े हादसे को न्योता दे रहा था, लेकिन धमतरी पुलिस की सतर्क नजर ने बीच रास्ते ही चालक का खेल खत्म कर दिया। धमतरी जिले के भखारा थाना क्षेत्र में कोलियारी मोड़ के पास वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस ने हाईवा क्रमांक CG 07 CA 9995 अशोक लेलैंड 10 चक्का को रोका, जहां चालक शाहिल वर्मा पिता चन्द्रशेखर वर्मा उम्र 22 वर्ष निवासी ग्राम पाहंदा थाना रानीतराई जिला दुर्ग मोबाइल फोन पर बात करते हुए खतरनाक तरीके से वाहन चलाते पकड़ा गया। जांच में खुलासा हुआ कि वाहन में तय क्षमता से 3 टन 830 किलोग्राम अधिक रेत भरी गई थी। इतना ही नहीं चालक जरूरी दस्तावेज भी मौके पर पेश नहीं कर सका और वाहन के पीछे नंबर तक अंकित नहीं मिला। पुलिस ने इसे सड़क सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा मानते हुए तत्काल मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 196, 50(2)/177, 184, 21(25)/177, 3/181 एवं 113/194(1) के तहत कार्रवाई की और इस्तगासा तैयार कर आरोपी चालक को माननीय न्यायालय में पेश किया। एसपी धमतरी के निर्देश पर जिलेभर में लगातार चल रहे यातायात अभियान के तहत शराब पीकर वाहन चलाने वालों, ओवरलोड वाहनों और लापरवाह ड्राइवरों पर सख्त नजर रखी जा रही है। धमतरी पुलिस ने साफ संदेश दिया है कि सड़क पर लापरवाही अब सीधे कानूनी कार्रवाई तक पहुंचेगी। बहरहाल, मोबाइल पर एक कॉल और ओवरलोड का लालच किसी की भी जिंदगी पर भारी पड़ सकता है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

