कोरिया 26 मई (आरएनएस) 13 साल की नाबालिग बालिका को बहला-फुसलाकर राज्य से बाहर ले जाने वाले आरोपी का खेल आखिरकार कोरिया पुलिस ने खत्म कर दिया। अपहरण की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और थाना पटना पुलिस ने बिना समय गंवाए ऐसा ऑपरेशन शुरू किया जिसने कुछ ही घंटों में नाबालिग को सकुशल बरामद कर लिया। मामले में आरोपी मनीष सिंह पिता शैलेश सिंह निवासी राजस्थान ने थाना पटना क्षेत्र की 13 वर्षीय नाबालिग बालिका का अपहरण कर उसे अपने साथ भगा ले गया था। घटना सामने आते ही पुलिस ने तत्काल टीम गठित की, तकनीकी साक्ष्य जुटाए गए, लगातार पतासाजी की गई और मोबाइल लोकेशन समेत अन्य इनपुट के आधार पर आरोपी की तलाश तेज कर दी गई। पुलिस की त्वरित कार्रवाई के दौरान टीम अनूपपुर क्षेत्र तक पहुंची, जहां से नाबालिग बालिका को सुरक्षित बरामद कर लिया गया और आरोपी मनीष सिंह को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। कार्रवाई के बाद आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय बैकुण्ठपुर में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जिला जेल भेज दिया गया। इस पूरे घटनाक्रम ने एक बार फिर साबित कर दिया कि महिला और बाल सुरक्षा मामलों में कोरिया पुलिस किसी भी स्तर पर लापरवाही बरतने के मूड में नहीं है। पुलिस ने आमजन से भी अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि, महिला सुरक्षा या बच्चों से जुड़े मामलों की सूचना तुरंत नजदीकी थाना, पुलिस कंट्रोल रूम या महिला हेल्पलाइन 112 पर दें। बहरहाल, समय रहते हुई इस कार्रवाई ने एक मासूम जिंदगी को बड़ी अनहोनी से बचा लिया और आरोपी को सलाखों के पीछे पहुंचा दिया।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

