महासमुंद 26 मई (आरएनएस) ओडिशा से मुंबई तक गांजा पहुंचाने की बड़ी साजिश उस वक्त धराशायी हो गई जब महासमुंद पुलिस ने बॉर्डर पार करते ही तस्कर को दबोच लिया। पदमपुर रोड ग्राम पलसापाली बेरियर पर चल रही सघन चेकिंग के दौरान पुलिस की पैनी नजर ने महाराष्ट्र नंबर की बाइक पर सवार युवक को रोक लिया और उसके बैग से निकला 5 किलो 100 ग्राम गांजा पूरे नेटवर्क का राज खोल गया। महासमुंद पुलिस और एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स की संयुक्त कार्रवाई में आरोपी परवेज अब्दुल पिता कय्यूम खान उम्र 34 वर्ष निवासी अब्दुल्लाह टावर CHS लिमिटेड, लोढा रोड, मिरा भायंदर, जिला ठाणे महाराष्ट्र को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह ओडिशा के लोयेसिंगा जिला बलांगीर से गांजा लेकर मुंबई सप्लाई करने जा रहा था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 5.100 किलो गांजा जिसकी अनुमानित कीमत 2 लाख 50 हजार रुपए, परिवहन में प्रयुक्त बजाज पल्सर मोटरसाइकिल क्रमांक MH 58 D 7024 कीमत 80 हजार रुपए और दो मोबाइल फोन कीमत 15 हजार रुपए जब्त किए। कुल जब्त संपत्ति की कीमत 3 लाख 45 हजार रुपए आंकी गई है। थाना बसना में आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 277/2026 धारा 20(b) एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार किया गया। महासमुंद पुलिस ने बताया कि पिछले चार महीनों में जिले में 95 प्रकरणों में 6431 किलो से ज्यादा गांजा जब्त किया जा चुका है और जनवरी से अब तक 240 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है, जिनमें 184 आरोपी दूसरे राज्यों के हैं। बहरहाल, महासमुंद पुलिस की लगातार सख्ती ने गांजा तस्करों के लिए छत्तीसगढ़ का रास्ता बेहद मुश्किल बना दिया है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

