रांची 26 मई (आरएनएस)। दिल्ली में आयोजित जनजातीय संस्कृति समागम कार्यक्रम के दौरान केंद्र सरकार के गृह मंत्री अमित शाह द्वारा आदिवासियों को बार-बार “वनवासी” कहे जाने के विरोध में राजधानी रांची में विभिन्न आदिवासी संगठनों ने जोरदार प्रदर्शन किया।प्रदर्शनकारियों ने अल्बर्ट एक्का चौक पर गृह मंत्री का पुतला दहन कर अपना आक्रोश जताया। प्रदर्शन कर रहे संगठनों का कहना था कि आदिवासियों को “वनवासी” कहकर उनकी मूल पहचान, धर्म, संस्कृति और अस्तित्व को कमजोर करने की कोशिश की जा रही है। वक्ताओं ने कहा कि आदिवासी समाज की अपनी अलग सांस्कृतिक विरासत, परंपरा और धार्मिक पहचान है, जिसे किसी भी कीमत पर मिटने नहीं दिया जाएगा आंदोलनकारियों ने आरोप लगाया कि आदिवासी समुदाय को “वनवासी” बताकर उन्हें मुख्य पहचान से अलग करने और उनकी ऐतिहासिक अस्मिता को कमजोर करने का प्रयास किया जा रहा है। प्रदर्शन के दौरान केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी भी की गई और आदिवासी हितों की रक्षा के लिए एकजुट रहने का आह्वान किया गया। इस मौके पर प्रेमशाही मुंडा, अजय तिर्की, लक्ष्मी नारायण मुंडा, ज्योत्सना केरकेट्टा समेत सैकड़ों की संख्या में आदिवासी समाज के लोग मौजूद रहे।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

