रांची 26 मई (आरएनएस)। झारखंड प्रदेश प्रोफेशनल कांग्रेस द्वारा पेट्रोल और डीजल की लगातार बढ़ती कीमतों के विरोध में सोमवार को सामलोंग स्थित रामप्रसाद हरि प्रसाद सेठी पेट्रोल पंप परिसर में विरोध प्रदर्शन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व झारखंड प्रदेश कांग्रेस महासचिव एवं प्रोफेशनल कांग्रेस प्रभारी आदित्य विक्रम जायसवाल ने किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कहा कि पेट्रोल और डीजल की कीमतों में लगातार वृद्धि से आम जनता पर आर्थिक बोझ बढ़ता जा रहा है। महंगाई के कारण परिवहन, खाद्य सामग्री और दैनिक उपयोग की वस्तुओं की कीमतों में भी लगातार इजाफा हो रहा है, जिससे मध्यम वर्ग और गरीब परिवार सबसे अधिक प्रभावित हो रहे हैं।आदित्य विक्रम जायसवाल ने कहा कि केंद्र सरकार जनता को राहत देने में पूरी तरह विफल साबित हो रही है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में कमी आने के बावजूद देश में पेट्रोल और डीजल के दाम कम नहीं किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार को तत्काल पेट्रोलियम पदार्थों पर टैक्स कम कर आम लोगों को राहत देनी चाहिए। प्रदर्शन में शामिल कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने हाथों में तख्तियां लेकर बढ़ती महंगाई के खिलाफ आवाज बुलंद की और सरकार से पेट्रोल-डीजल की कीमतों में कमी करने की मांग की। कार्यक्रम में प्रोफेशनल कांग्रेस के कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

