देहरादून,26 मई(आरएनएस)। दून पुस्तकालय एवं शोध केंद्र में आयोजित व्याख्यान में युवाओं ने वैदिक गणित के सरल सूत्र और टाइम मैनेजमेंट के गुर सीखे। दून पुस्तकालय एवं शोध केंद्र में मंगलवार को वैदिक गणित विषय पर एक विशेष व्याख्यान का आयोजन किया गया।कार्यक्रम की शुरुआत दून पुस्तकालय के पुस्तकालयाध्यक्ष डॉ. डी.के. पांडे के स्वागत भाषण से हुई। उन्होंने कहा कि पुस्तकालय युवाओं के बौद्धिक विकास के लिए ऐसे ज्ञानवर्धक कार्यक्रम लगातार आयोजित करता रहेगा। इस सत्र में प्रसिद्ध गणित विशेषज्ञ डॉ. योगेश चांदना ने प्रतियोगी परीक्षाओं, विशेषकर बैंक भर्ती की तैयारी कर रहे छात्रों को वैदिक गणित की सरल और बेहद उपयोगी तकनीकों से रूबरू कराया।
डॉ. चांदना ने कहा कि वैदिक गणित जटिल गणनाओं को बेहद आसान व तेज बनाता है। यह विद्यार्थियों की मानसिक एकाग्रता, तार्किक क्षमता और आत्मविश्वास को बढ़ाने में भी काफी मददगार है। उन्होंने आगामी परीक्षाओं के मद्देनजर समय प्रबंधन और त्वरित समाधान के कई महत्वपूर्ण सूत्र और व्यावहारिक टिप्स साझा किए। डॉ. चांदना ने कहा कि सफलता के लिए निरंतर अभ्यास, आत्मबल और विषय के प्रति गहरी रुचि होना आवश्यक है। इस मौके पर डॉ. पंकज नैथानी, चंद्रशेखर तिवारी, कर्नल डिमरी और डॉ. लालता प्रसाद सहित कई शिक्षाविद उपस्थित रहे।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

