बलौदाबाज़ार 26 मई (आरएनएस) बकरीद पर्व से पहले बलौदाबाजार-भाटापारा पुलिस ने जिले में अमन और सुरक्षा का बड़ा संदेश देते हुए शांति समिति की बैठकों के जरिए साफ कर दिया कि त्योहार में खलल डालने वालों पर कड़ी नजर रहेगी। 28 मई 2026 को मनाए जाने वाले ईद उल जुहा (बकरीद) पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए थाना सिमगा, भाटापारा ग्रामीण और पलारी क्षेत्रों में जनप्रतिनिधियों, समाज प्रमुखों, वरिष्ठ नागरिकों और विभिन्न समुदायों के लोगों की मौजूदगी में अहम बैठकें आयोजित की गईं। बैठकों में पुलिस अधिकारियों ने साफ कहा कि अफवाह फैलाने, सोशल मीडिया पर भ्रामक या आपत्तिजनक पोस्ट शेयर करने और माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई होगी। लोगों से अपील की गई कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि, असामाजिक तत्व या विवाद की जानकारी तुरंत पुलिस तक पहुंचाएं ताकि समय रहते सख्त कदम उठाए जा सकें। बैठक में यातायात व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंधन, संवेदनशील इलाकों की निगरानी और पर्व के दौरान सतर्कता बनाए रखने पर विस्तार से चर्चा हुई। पुलिस अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि बकरीद के दौरान जिले में पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा और संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जाएगी ताकि त्योहार भाईचारे और शांति के माहौल में संपन्न हो सके। बैठक में मौजूद लोगों ने भी प्रशासन और पुलिस को सहयोग देने का भरोसा जताया। बहरहाल, बलौदाबाजार-भाटापारा पुलिस ने स्पष्ट संदेश दे दिया है कि त्योहार खुशी से मनाइए, लेकिन कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के लिए इस बार कोई राहत नहीं होगी।


