पन्ना 26 मई (आरएनएस)। जिले के एक खेत में कुएं की खुदाई के दौरान अचानक मिट्?टी धंस गई। इसमें दबकर 5 मजदूरों की मौत हो गई। इनके नाम आशीष यादव, राजकुमार यादव, रामपाल यादव, चुन्नू यादव और चुनवाद पाल बताए गए हैं।
कुएं का काम विकसित भारत- गारंटी फॉर रोजगार एंड आजीविका मिशन (ग्रामीण) योजना (वीबी जी राम जी) के तहत किया जा रहा था।
हादसा मंगलवार सुबह करीब 10 बजे अजयगढ़ के बीहरपुरवा गांव में हुआ। मृतकों के परिजन का आरोप है कि हादसे के 3 घंटे के बाद भी प्रशासनिक अधिकारी या कोई सरकारी टीम मौके पर नहीं पहुंची। ग्रामीणों ने जेसीबी मंगाकर खुद रेस्क्यू अभियान चलाया। इसी देरी की वजह से मजदूरों को बचाया नहीं जा सका।
हादसे के शिकार आशीष, राजकुमार, रामपाल और चुन्नू यादव एक ही परिवार के सदस्य हैं। कलेक्टर ऊषा परमार भी मौके पर पहुंचीं। उन्होंने मृतकों के परिजन से मुलाकात कर सांत्वना दी। उन्हें हरसंभव मदद का भरोसा दिया। कहा- पूरे घटनाक्रम की जांच कराई जाएगी और जो भी दोषी पाए जाएंगे, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।

