श्योपुर 26 मई (आरएनएस)।श्योपुर कलेक्ट्रेट में मंगलवार को जनसुनवाई के दौरान एक वृद्ध की तबीयत बिगडऩे के बाद मौत हो गई। घटना के बाद कलेक्ट्रेट परिसर में हड़कंप मच गया। मौके पर मौजूद लोगों ने आशंका जताई है कि वृद्ध ने आवेदन देने के बाद कोई जहरीला पदार्थ पी लिया था। घटना का वीडियो भी सामने आया है।
मृतक की पहचान श्योपुर निवासी देवेंद्र गोयल के रूप में हुई है। वह अपनी दुकान पर कथित कब्जे की शिकायत लेकर जनसुनवाई में पहुंचे थे। उन्होंने अपने रिश्तेदारों पर दुकान हड़पने का आरोप लगाया था।
परिजनों और स्थानीय लोगों के अनुसार, देवेंद्र गोयल इस मामले को लेकर पहले भी कई बार अधिकारियों से शिकायत कर चुके थे, लेकिन उन्हें कोई समाधान नहीं मिला था।
बताया जा रहा है कि देवेंद्र गोयल सुबह 11 बजे के करीब साइकिल से अकेले जन सुनवाई में पहुंचे थे। आधे घंटे बाद उनकी तबीयत बिगड़ गई और वे जमीन पर गिर पड़े। दोपहर करीब 12 बजे उन्हें अस्पताल ले जाया गया। चिकित्सकों ने उनका उपचार शुरू किया। डेढ़ बजे उनकी मौत हो गई।
देवेंद्र गोयल के परिवार में दो बेटे और दो बेटियां हैं। एक जयपुर रहता है जॉब करता है, दूसरा भोपाल में पढ़ाई कर रहा है, दो बच्चियां है एक कि शादी हो चुकी है। दूसरी बेटी में इंदौर में पढ़ाई कर रही है।

