रुड़की,26 मई(आरएनएस)। क्षेत्र के लिब्बरहेड़ी गांव के पास सोमवार शाम गंगनहर पटरी पर हुए सड़क हादसे में मुजफ्फरनगर निवासी दंपत्ति की मौत हो गई थी। सोमवार को पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। मृतक के भाई की तहरीर पर पुलिस ने लापरवाही और तेज गति से वाहन चलाकर टक्कर मारने वाले महिंद्रा कार चालक के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है। मृतक के भाई सलीम अली ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि मुजफ्फरनगर के ग्राम कम्हेड़ा तुगलकपुर निवासी उसका भाई लाड्डा अली अपनी पत्नी गुलिस्ता के साथ सोमवार को बाइक से पिरान कलियर आए थे। शाम करीब चार बजे जब वे वापस लौट रहे थे, तभी लिब्बरहेड़ी गांव के पास गंगनहर पटरी पर सामने से तेज गति और गलत दिशा से आ रही एक महिंद्रा कार ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
इस दर्दनाक हादसे में लाड्डा अली और उनकी पत्नी गुलिस्ता की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सरकारी अस्पताल रुड़की भेज दिया था। मृतक के भाई सलीम ने पुलिस को तहरीर देकर आरोपी कार चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने तहरीर के आधार पर कार के अज्ञात चालक के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

