देहरादून 21 जून (आरएनएस)। उत्तराखंड में नर्सिंग भर्ती की मांग को लेकर नर्सिंग बेरोजगारों का आंदोलन लगातार तेज होता जा रहा है। एकता विहार धरनास्थल पर नर्सिंग एकता मंच के बैनर तले चल रहा धरना रविवार को 199वें दिन भी जारी रहा। लंबे इंतजार के बावजूद भर्ती प्रक्रिया शुरू नहीं होने और हालिया कैबिनेट बैठक में भी कोई निर्णय न आने से अभ्यर्थियों में सरकार के प्रति नाराजगी बढ़ गई है। अध्यक्ष नवल पुंडीर ने कहा कि सरकार ने उनकी मांगों पर विचार के लिए एक माह का समय मांगा था, लेकिन समयसीमा पूरी होने के बाद भी कोई ठोस पहल नहीं की गई। मंच के पदाधिकारियों का आरोप है कि एक ओर सरकारी अस्पताल नर्सिंग स्टाफ की कमी से जूझ रहे हैं, वहीं प्रशिक्षित नर्सिंग अभ्यर्थी वर्षों से रोजगार के इंतजार में सड़कों पर आंदोलन करने को मजबूर हैं।पदाधिकारी प्रवेश रावत ने कहा कि अब केवल आश्वासनों से काम नहीं चलेगा। यदि जल्द वर्षवार भर्ती प्रक्रिया शुरू नहीं की गई तो आंदोलन और उग्र किया जाएगा। उन्होंने बताया कि संघर्ष को प्रदेशव्यापी बनाने के लिए सोमवार से हल्द्वानी में भी धरना-प्रदर्शन शुरू किया जाएगा। अभ्यर्थियों ने सरकार से तत्काल भर्ती प्रक्रिया शुरू कर युवाओं के भविष्य के साथ हो रही अनिश्चितता समाप्त करने की मांग की है। इस दौरान मुकेश रमोला, स्तुति, प्रीति, संदीप, सपना, अमन, पपेंद्र, प्रदीप सहित अनेक नर्सिंग कर्मी मौजूद रहे।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

