देहरादून 21 जून (आरएनएस)। आमतौर पर चोर ताला तोड़कर या दीवार कूदकर कीमती सामान चुराते हैं। डालनवाला क्षेत्र में एक व्यक्ति ने पुरानी रंजिश के चलते अपने पड़ोसी के घर का पूरा लोहे का गेट ही ग्राइंडर मशीन से काटकर चोरी कर लिया। डालनवाला कोतवाली पुलिस ने चोरी की इस घटना में 67 वर्षीय आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। इंस्पेक्टर डालनवाला एसएस कुंवर ने बताया कि अंबेडकर मार्ग, डीएल रोड निवासी गुलनार बानो ने 19 जून को तहरीर दी। उन्होंने बताया कि 12 जून को वह परिवार सहित किसी काम से बाहर गई थीं। अगले दिन शाम को जब लौटीं तो घर का लोहे का गेट गायब था।वादिनी ने अपने पड़ोसी तनवीर अहमद खान पर पुरानी रंजिश के चलते चोरी का शक जताया। मुकदमा दर्ज कर जांच नालापानी चौकी इंचार्ज बलबीर सिंह को दी गई। जांच में घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी कैमरे खंगाले। इस दौरान आरोपी घटना करता दिखाई दिया। पुलिस ने आरोपी पड़ोसी को हिरासत में लेकर पूछताछ की। इस दौरान उसकी निशानदेही पर शनिवार को सहस्रधारा रोड स्थित हिल व्यू अपार्टमेंट, दुर्गा एन्क्लेव-दो के पास एक प्लॉट से चोरी किया गया 6गुणा6 फुट का लोहे का गेट बरामद हुआ। पुलिस ने तब आरोपी को गिरफ्तार किया। इस दौरान पता लगा कि पड़ोसी से रंजिश में उसने इस घटना को अंजाम दिया।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

