देहरादून 21 जून (आरएनएस)। उत्तराखंड के चिकित्सा जगत के लिए एक बेहद गौरवान्वित करने वाली खबर है। राजकीय दून मेडिकल कॉलेज एवं संबद्ध चिकित्सालय के कार्डियोलॉजी विभाग के विभागाध्यक्ष और वरिष्ठ हृदय रोग विशेषज्ञ प्रोफेसर डॉ. सलिल गर्ग को स्कॉटलैंड के एडिनबर्ग में प्रतिष्ठित फेलोशिप से नवाजा गया है।उन्हें यह सम्मान रॉयल कॉलेज ऑफ फिजिशियंस ऑफ एडिनबर्ग द्वारा आयोजित ‘न्यू फेलोस एडमिशन सेरेमनीÓ में प्रदान किया गया। यह सम्मान चिकित्सा जगत में कितना दुर्लभ है, इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि इस वर्ष दुनिया भर के केवल 58 चुनिंदा चिकित्सकों को ही इस फेलोशिप के लिए योग्य माना गया है। डॉ. सलिल गर्ग को यह प्रतिष्ठित सम्मान चिकित्सा और हृदय रोग के क्षेत्र में उनके असाधारण वैश्विक योगदान, विशेषकर जटिल और पेरीफेरल एंजियोप्लास्टी में उनकी उत्कृष्ट सेवाओं के लिए दिया गया है।
विश्व प्रसिद्ध इंटरवेंशनल कार्डियोलॉजिस्ट डॉ. गर्ग पूर्व में सेना में कर्नल के रूप में भी अपनी विशिष्ट सेवाएं दे चुके हैं। सेना में रहते हुए उन्होंने अत्यधिक ऊंचाई पर होने वाली बीमारियों के प्रबंधन के साथ-साथ हार्ट फेलियर मैनेजमेंट और हार्ट ट्रांसप्लांट सेवाओं के विकास में अहम भूमिका निभाई है। वर्तमान में वे दून मेडिकल कॉलेज के माध्यम से उत्तराखंड की स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने का काम कर रहे हैं।
इस उपलब्धि पर राजकीय दून मेडिकल कॉलेज की डीन और वरिष्ठ वरिष्ठ स्त्री रोग विशेषज्ञ प्रोफेसर डॉ. गीता जैन ने हर्ष व्यक्त किया है। उन्होंने कहा, डॉ. सलिल गर्ग का इस फेलोशिप से सम्मानित होना हमारे कॉलेज के लिए अत्यंत गर्व का विषय है। दुनिया भर के केवल 58 चिकित्सकों में उनका चयन उनकी विशेषज्ञता, अटूट समर्पण और चिकित्सा क्षेत्र में उनके अभूतपूर्व योगदान का सबसे बड़ा प्रमाण है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

