रायपुर 26 मई (आरएनएस) “सवारी उठाने की मामूली बहस देखते ही देखते खूनी हमले में बदल गई और भाठागांव बस स्टैंड पर आधी रात चाकू चमक उठा, लेकिन टिकरापारा पुलिस ने आरोपी को कुछ ही घंटों में हथियार समेत दबोचकर जेल पहुंचा दिया।” रायपुर के थाना टिकरापारा क्षेत्र स्थित नया बस स्टैंड भाठागांव में ऑटो चालकों के बीच वर्चस्व की लड़ाई हिंसक हो गई, जहां आरोपी रिजवान खान उर्फ बिल्लू ने दूसरे ऑटो चालक पर जानलेवा हमला कर इलाके में दहशत फैला दी। पुलिस के मुताबिक 24 मई की रात करीब 11:30 बजे प्रार्थी मोहम्मद जफर अपनी ऑटो लेकर बस स्टैंड पर सवारी का इंतजार कर रहा था, तभी आरोपी रिजवान खान उर्फ बिल्लू पिता साहिद खान उम्र 22 वर्ष निवासी गंगा स्टोर्स के पास मस्जिद के पीछे संतोषी नगर थाना टिकरापारा वहां पहुंचा और “ये एरिया मेरा है” कहते हुए गाली-गलौज शुरू कर दी। विवाद बढ़ते ही आरोपी ने “मर्डर कर दूंगा” कहकर अपने पास रखे धारदार चाकू से हमला कर दिया, जिससे प्रार्थी घायल हो गया। घटना की शिकायत मिलते ही थाना टिकरापारा में अपराध क्रमांक 451/2026 के तहत धारा 109 भारतीय न्याय संहिता में मामला दर्ज किया गया। डीसीपी वेस्ट जोन संदीप पटेल, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त राहुल देव शर्मा और एसीपी न्यू राजेंद्र नगर नवनीत पाटित के निर्देश पर थाना प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार मरई ने विशेष टीम बनाकर आरोपी की तलाश शुरू की। पुलिस ने मुखबिर तंत्र सक्रिय किया, संभावित ठिकानों पर दबिश दी और आखिरकार फरार आरोपी को वारदात में प्रयुक्त लोहे के धारदार चाकू के साथ रंगेहाथ गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज जेल दिया। बहरहाल, रायपुर पुलिस का साफ संदेश है—सड़क पर गुंडागर्दी और चाकूबाजी करने वालों के लिए अब शहर में कोई सुरक्षित कोना नहीं बचा है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

