धमतरी 27 मई (आरएनएस) शीतला मंदिरों में हुई चोरी की घटनाओं ने पुलिस महकमे में ऐसी हलचल मचाई कि एसपी खुद मैदान में उतर आए और अफसरों की हाईलेवल बैठक लेकर साफ संदेश दे दिया—अब मंदिरों पर नजर डालने वाले बदमाशों की खैर नहीं। थाना कुरुद और भखारा क्षेत्र के शीतला मंदिरों में हुई चोरी की वारदातों को गंभीर चुनौती मानते हुए पुलिस अधीक्षक धमतरी ने जिलेभर के थाना और चौकी प्रभारियों को ताबड़तोड़ कार्रवाई के निर्देश दिए। बैठक में साफ कहा गया कि मंदिर चोरी में शामिल आरोपियों की जल्द पहचान कर गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए और जिले के हर धार्मिक स्थल की सुरक्षा व्यवस्था को युद्धस्तर पर मजबूत किया जाए। एसपी ने रात की पेट्रोलिंग और गश्त को पहले से ज्यादा आक्रामक बनाने, संदिग्धों और निगरानी बदमाशों की लगातार चेकिंग करने तथा चोरी और संपत्ति संबंधी अपराधों में पहले शामिल रहे अपराधियों की गतिविधियों पर पैनी नजर रखने के आदेश दिए। पुलिस ने उन निगरानी बदमाशों का सत्यापन शुरू करने के निर्देश भी दिए जिनके फिंगर प्रिंट अब तक नहीं लिए गए हैं ताकि भविष्य में तकनीकी जांच और मजबूत हो सके। बैठक में मंदिर समितियों, पुजारियों, ग्राम कोटवारों और स्थानीय नागरिकों को भी सुरक्षा अभियान का हिस्सा बनाने पर जोर दिया गया। संवेदनशील मंदिरों और सार्वजनिक स्थलों में लगे सीसीटीवी कैमरों की नियमित जांच, जरूरत वाले इलाकों में अतिरिक्त कैमरे लगाने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तत्काल सूचना पुलिस तक पहुंचाने के निर्देश दिए गए। एसपी ने साइबर टीम और एफएसएल अधिकारियों को भी अलर्ट मोड पर रखते हुए संदिग्ध मोबाइल नंबरों, तकनीकी साक्ष्यों और पुराने अपराधियों के रिकॉर्ड खंगालने के आदेश दिए ताकि चोरी की कड़ियां तेजी से जोड़ी जा सकें। थाना प्रभारियों को मुखबिर तंत्र सक्रिय करने, सीमावर्ती इलाकों और संदिग्ध आवाजाही वाले क्षेत्रों में विशेष चेकिंग अभियान चलाने और हर सूचना पर तत्काल कार्रवाई करने को कहा गया। इस हाईलेवल बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, सीएसपी, डीएसपी साइबर, एफएसएल अधिकारी सहित सिटी कोतवाली धमतरी, रूद्री, अर्जुनी/सायबर थाना, भखारा, कुरुद, मगरलोड, बिरेझर और करेली बड़ी के थाना प्रभारी मौजूद रहे। फिलहाल धमतरी पुलिस ने साफ संकेत दे दिया है कि धार्मिक स्थलों की सुरक्षा में लापरवाही अब किसी कीमत पर बर्दाश्त नहीं होगी और मंदिरों को निशाना बनाने वालों पर जल्द बड़ा शिकंजा कस सकता है।


