दक्षिण बस्तर दंतेवाड़ा 27 मई (आरएनएस) कृषि लोन दिलाने के नाम पर भरोसा जीतकर लाखों रुपए हड़पने वाला बैंक का फील्ड ऑफिसर आखिरकार पुलिस के शिकंजे में आ गया और गीदम पुलिस ने साइबर ट्रैकिंग व मुखबिर तंत्र के दम पर एक साल से फरार आरोपी को दबोच लिया। दक्षिण बस्तर दंतेवाड़ा जिले के थाना गीदम में दर्ज करोड़ों के बैंकिंग भरोसे को झकझोर देने वाले इस मामले में आरोपी प्रवीण कुमार शर्मा पिता ओम प्रकाश शर्मा उम्र 29 वर्ष निवासी माता संतोषी वार्ड 27 जगदलपुर जिला बस्तर को 26 मई 2026 सुबह 9:20 बजे गिरफ्तार किया गया। मामला तब सामने आया जब प्रार्थी ने 10 जुलाई 2025 को थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई कि उसने 16 फरवरी 2024 को एक्सिस बैंक शाखा गीदम से 14 लाख 39 हजार 762 रुपए का कृषि लोन लिया था। इसी दौरान बैंक के फील्ड ऑफिसर प्रवीण शर्मा ने खाता खुलवाने से लेकर एटीएम और ट्रांजेक्शन प्रक्रिया तक पूरा नियंत्रण अपने हाथ में रखा और विश्वास का फायदा उठाकर फरवरी-मार्च 2024 के बीच अलग-अलग माध्यमों से 9 लाख 50 हजार रुपए निकाल लिए। पीड़ित को जब रकम गायब होने का पता चला तो आरोपी से संपर्क किया गया लेकिन वह लगातार टालमटोल करता रहा और बाद में फरार हो गया। थाना गीदम में अपराध क्रमांक 65/2025 के तहत धारा 420, 409 भारतीय दंड संहिता और आईटी एक्ट की धारा 66(D) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस अधीक्षक गौरव राय, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रामकुमार बर्मन और एसडीओपी गोविंद दीवान के निर्देशन में गीदम पुलिस ने मोबाइल सीडीआर, साइबर लोकेशन और मुखबिर सूचना के आधार पर आरोपी तक पहुंच बनाई। गिरफ्तारी में उपनिरीक्षक रामकुमार श्याम, डीएसएफ आरक्षक नीलधर तर्मा, चुन्नीलाल चालकी और एमटी आरक्षक विक्टर तिर्की की अहम भूमिका रही। फिलहाल आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है और यह कार्रवाई उन लोगों के लिए चेतावनी है जो बैंकिंग भरोसे की आड़ में लोगों की मेहनत की कमाई पर डाका डालते हैं।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

