बिलासपुर, 27 मई (आरएनएस)। बिलासपुर के ग्राम जलसो में अवैध महुआ शराब का धंधा उस वक्त बेनकाब हो गया जब प्रहार अभियान के तहत कोनी पुलिस ने दबिश देकर 45 लीटर कच्ची महुआ शराब के साथ एक आरोपी को रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। जिले में नशे और अवैध शराब कारोबार के खिलाफ चल रही सख्त मुहिम के बीच यह कार्रवाई बुधवार 27 मई 2026 को सामने आई, जहां पेट्रोलिंग के दौरान थाना कोनी पुलिस की नजर ग्राम जलसो में संदिग्ध गतिविधियों पर पड़ी और जांच करते ही पूरा खेल खुल गया। पुलिस टीम ने मौके पर विशाल वर्मा पिता दिलहरण वर्मा निवासी ग्राम जलसो थाना कोनी जिला बिलासपुर को अवैध रूप से महुआ शराब रखते हुए पकड़ा। तलाशी में उसके कब्जे से 45 लीटर कच्ची महुआ शराब बरामद हुई जिसकी अनुमानित कीमत करीब 9 हजार रुपये बताई गई है।
बताया जा रहा है कि जिले में अवैध शराब, गांजा और नशीले पदार्थों के खिलाफ वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बिलासपुर श्री रजनेश सिंह के निर्देश पर विशेष अभियान “प्रहार” चलाया जा रहा है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर श्री पंकज पटेल और नगर पुलिस अधीक्षक कोतवाली श्री गगन कुमार (ढ्ढक्कस्) के मार्गदर्शन में थाना कोनी पुलिस लगातार निगरानी और पेट्रोलिंग कर रही थी। इसी दौरान आरोपी पुलिस के रडार पर आया और कार्रवाई की गई। पुलिस ने मौके पर शराब जप्त कर आरोपी के खिलाफ धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर विधिवत गिरफ्तार किया और उसे न्यायालय में पेश किया गया। बहरहाल, बिलासपुर पुलिस का साफ संदेश है कि अवैध शराब का कारोबार करने वालों के लिए अब जिले में बच निकलना आसान नहीं होगा।
0

