जशपुर, 27 मई (आरएनएस)। जशपुर के लोदाम इलाके में एक घर की साधारण दिखने वाली बाड़ी के भीतर ऐसा राज छिपा था जिसने पुलिस को भी चौंका दिया, साड़ी और प्लास्टिक नेट की आड़ में उगाए गए 40 गांजे के पौधों का खुलासा होते ही ऑपरेशन आघात के तहत जशपुर पुलिस ने बड़ा एक्शन लेते हुए आरोपी को धर दबोचा। मामला थाना लोदाम क्षेत्र के ग्राम खिखिर टोली का है, जहां 26 मई 2026 को मुखबिर से मिली पुख्ता सूचना के बाद लोदाम पुलिस हरकत में आई। सूचना थी कि विजय सिंह उम्र 58 वर्ष निवासी ग्राम लोदाम खिखिर टोली अपने घर के आंगन की बाड़ी में भारी मात्रा में अवैध गांजा उगा रहा है और पौधों को छिपाने के लिए चारों तरफ प्लास्टिक नेट और साड़ी का घेरा बना रखा है। डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश कुमार पाटनवार के मार्गदर्शन में थाना लोदाम पुलिस, गवाहों और एफएसएल टीम ने मौके पर दबिश दी। छापेमारी के दौरान बाड़ी के भीतर बड़े पैमाने पर गांजे के पौधे मिले। पुलिस ने जब पौधों को उखाड़कर गिना तो 18 बड़े और 22 छोटे मिलाकर कुल 40 नग गांजे के पौधे बरामद हुए।
बड़े पौधों की ऊंचाई 4 फीट 7 इंच तक थी जबकि छोटे पौधे करीब 2 फीट लंबे थे। जड़, तना और पत्ती सहित कुल वजन 3 किलो 646 ग्राम निकला जिसकी अनुमानित कीमत 1 लाख 82 हजार 300 रुपये बताई गई। पूछताछ में आरोपी विजय सिंह ने अपराध स्वीकार कर लिया जिसके बाद थाना लोदाम में धारा 20(ए) एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया। कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक कृष्ण कुमार साहू सहित पूरी टीम की अहम भूमिका रही। बहरहाल, जशपुर पुलिस का साफ संदेश है कि नशे का कारोबार अब घर की बाड़ी में भी छिपाकर नहीं चल सकेगा।
0

