रायगढ़, 27 मई (आरएनएस)। रायगढ़ के रामभांठा संजय मैदान में मासूम बच्चों को नशे की गिरफ्त में धकेलने वाला खेल उस वक्त बेनकाब हो गया जब ऑपरेशन आघात के तहत कोतवाली पुलिस ने सोल्यूशन बेचने वाले आरोपी को रंगे हाथों पकड़ लिया। शहर के बीचोंबीच नाबालिग लड़कों को नशे के लिए सुपर मैक्स साइकिल सोल्यूशन बेचने की सूचना मिलते ही पुलिस ने ताबड़तोड़ घेराबंदी की और मौके से डोकरी नाम से मशहूर युवक को दबोच लिया। मामला 27 मई 2026 का है, जब वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी व सीएसपी मयंक मिश्रा के मार्गदर्शन में कोतवाली पुलिस नशे के खिलाफ लगातार अभियान चला रही थी। थाना प्रभारी निरीक्षक सुखनंदन पटेल को मुखबिर से सूचना मिली कि रामभांठा स्थित संजय मैदान में एक युवक छोटे बच्चों को सोल्यूशन बेच रहा है।
पुलिस पहुंची तो कई नाबालिग लड़के भागने लगे। मौके पर पकड़े गए एक लड़के ने बताया कि उसने डोकरी सिदार से 40 रुपये में सोल्यूशन खरीदा है। उसके पास से सुपर मैक्स साइकिल सोल्यूशन नंबर-04 का ट्यूब भी बरामद हुआ। इसके बाद पुलिस ने पीछा कर शिवशंकर उर्फ डोकरी सिदार पिता दिलसाय सिदार उम्र 26 वर्ष निवासी सुसडेगा थाना पत्थलगांव जिला जशपुर को पकड़ लिया। तलाशी में उसके थैले से 19 नग सुपर मैक्स सोल्यूशन, 240 रुपये बिक्री रकम और अन्य सामान जप्त किया गया। पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि वह राउरकेला से सोल्यूशन खरीदकर रायगढ़ के अलग-अलग इलाकों में नाबालिग बच्चों को 50-60 रुपये में बेचता था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 284/2026 में धारा 123, 275, 286 बीएनएस और धारा 77 जेजे एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। बहरहाल, रायगढ़ पुलिस का साफ संदेश है कि बच्चों के भविष्य से खिलवाड़ करने वाले नशे के सौदागरों पर अब लगातार ऑपरेशन आघात का प्रहार जारी रहेगा।
0

