जशपुर, 27 मई (आरएनएस)। जशपुर में अब पुलिस सिर्फ वर्दी तक सीमित नहीं रहेगी, गांव-गांव में आम लोग भी पुलिस मितान बनकर सड़क सुरक्षा, नशामुक्ति और सामाजिक बुराइयों के खिलाफ मोर्चा संभालेंगे। सामुदायिक पुलिसिंग को नई पहचान देते हुए डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह ने बुधवार 27 मई 2026 को पुलिस अधीक्षक कार्यालय जशपुर में जिले की बहुउद्देशीय योजना पुलिस मितान का भव्य शुभारंभ किया। इस अभिनव पहल के तहत जिलेभर के विभिन्न थाना और चौकी क्षेत्रों से जुड़े करीब 2500 स्वयंसेवकों को पुलिस मितान के रूप में जोड़ा गया। चरित्र सत्यापन के बाद सभी को आधिकारिक पहचान पत्र जारी किए गए। कार्यक्रम में पुलिस अधिकारियों, पत्रकारों, गणमान्य नागरिकों और बड़ी संख्या में स्वयंसेवकों की मौजूदगी ने इसे जनभागीदारी का बड़ा मंच बना दिया। जशपुर पुलिस की यह योजना सिर्फ पुलिस सहायता तक सीमित नहीं रहेगी बल्कि समाज में जागरूकता का बड़ा अभियान बनेगी।
प्रशिक्षित पुलिस मितान गांव-गांव जाकर सड़क सुरक्षा, फस्र्ट एड, यातायात नियमों और जनसहायता के बारे में लोगों को जागरूक करेंगे। इसके साथ ही नशाखोरी, टोनही प्रताडऩा, मानव तस्करी और सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ भी लोगों के बीच चेतना फैलाएंगे। कार्यक्रम में डॉ. लाल उमेद सिंह ने कहा कि पुलिस मितान केवल नाम नहीं बल्कि सुरक्षित और समृद्ध समाज बनाने का मजबूत माध्यम है। उन्होंने स्वयंसेवकों को पुलिस का अभिन्न अंग बताते हुए समाजहित में उनके योगदान की सराहना की। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश कुमार पाटनवार, एसडीओपी चंद्रशेखर परमा और डीएसपी ट्रैफिक कुंजराम चौहान सहित कई अधिकारी कार्यक्रम में मौजूद रहे। बहरहाल, जशपुर पुलिस की यह पहल साफ संकेत दे रही है कि अब अपराध नियंत्रण और सामाजिक सुधार सिर्फ पुलिस की जिम्मेदारी नहीं बल्कि पूरे समाज की साझी लड़ाई होगी।
0

