पंडरिया, 27 मई (आरएनएस)। ग्राम पाढी दैहान में देर रात ताश के पत्तों पर किस्मत का खेल चल रहा था, दांव पर पैसे लग रहे थे और जुआरियों को अंदाजा भी नहीं था कि पुलिस की नजर उन पर टिक चुकी है। पंडरिया पुलिस ने योजनाबद्ध घेराबंदी कर सार्वजनिक जगह पर काट-पत्ती नामक जुआ खेल रहे आठ आरोपियों को रंगे हाथ पकड़ लिया। कार्रवाई 25 मई 2025 को उस समय हुई जब थाना पंडरिया पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि कुछ लोग 52 पत्ती ताश के जरिए हार-जीत की बाजी लगाकर जुआ खेल रहे हैं। पुलिस अधीक्षक कबीरधाम श्री धर्मेंद्र सिंह के निर्देश पर जिले में जुआ, सट्टा और अवैध गतिविधियों के खिलाफ लगातार सख्त अभियान चलाया जा रहा है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पुष्पेंद्र सिंह बघेल और एसडीओपी पंडरिया भूपत सिंह धनेश्री के मार्गदर्शन में पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और दबिश दी। पुलिस को देखते ही कुछ लोग भाग निकले, लेकिन आठ आरोपी पुलिस के शिकंजे में आ गए। गिरफ्तार आरोपियों में यशवंत कुमार निषाद उम्र 30 वर्ष निवासी ग्राम पाढी थाना पंडरिया, उमेंद पटेल उम्र 35 वर्ष निवासी ग्राम पाढी थाना पंडरिया, शंकर पटेल उम्र 50 वर्ष निवासी ग्राम पाढी थाना पंडरिया, विद्याप्रसाद कुर्रे उम्र 32 वर्ष निवासी रेहुटा खुर्द थाना पंडरिया, श्याम पटेल उम्र 24 वर्ष निवासी केशलीगोडान थाना पंडरिया, धनराज कुमार टोण्डे उम्र 36 वर्ष निवासी बिरकोना थाना पंडरिया, अखिल कुर्रे उम्र 30 वर्ष निवासी रेहुटा खुर्द थाना पंडरिया और जगेशर पटेल उम्र 34 वर्ष निवासी मजगांव थाना कवर्धा जिला कबीरधाम शामिल हैं। मौके से 3,550 रुपये नगद, 52 पत्ती ताश, पांच मोबाइल फोन और दो मोटरसाइकिल जब्त की गईं। सभी आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 3(2) के तहत मामला दर्ज कर बीएनएसएस की प्रासंगिक धाराओं में प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए जेल भेज दिया गया है। फरार आरोपियों की तलाश जारी है। इस कार्रवाई में प्रधान आरक्षक श्रवण चंद्रवंशी सहित पुलिस टीम की अहम भूमिका रही। बहरहाल, कबीरधाम पुलिस ने साफ कर दिया है कि जिले में जुआ-सट्टे का खेल अब ज्यादा दिन तक छिपकर नहीं चल पाएगा।
0
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

