कोरिया, 27 मई (आरएनएस)। कोरिया सोने-चांदी की दुकानों पर मंडराते अपराध के खतरे को भांपते हुए कोरिया पुलिस अचानक अलर्ट मोड में उतर आई, बाजारों में पुलिस की मौजूदगी से हड़कंप मच गया और व्यापारियों को साफ संदेश दे दिया गया कि अब अपराधियों के लिए कोई ढील नहीं होगी। 27 मई 2026 को कोरिया जिले में भविष्य में होने वाली चोरी, लूट और अन्य आपराधिक घटनाओं को रोकने के लिए पुलिस ने बड़ा एहतियाती जागरूकता अभियान चलाया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में बैकुंठपुर, चरचा, पटना और सोनहत थाना क्षेत्रों की पुलिस टीमें एक साथ मैदान में उतरीं और सराफा बाजारों सहित प्रमुख व्यावसायिक प्रतिष्ठानों का सघन दौरा किया। पुलिस अधिकारियों ने ज्वेलर्स, मेटल स्टोर संचालकों और व्यापारियों से सीधा संवाद कर उनकी सुरक्षा तैयारियों की बारीकी से जांच की। दुकानों में लगे CCTV कैमरों के एंगल, रिकॉर्डिंग क्वालिटी और बैकअप सिस्टम को चेक किया गया। कई व्यापारियों को तकनीकी रूप से कैमरों को अपडेट रखने और 24 घंटे रिकॉर्डिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। पुलिस ने अलार्म सिस्टम, इमरजेंसी सिक्योरिटी डिवाइस और सुरक्षा उपकरणों को हमेशा एक्टिव हालत में रखने की समझाइश भी दी। अभियान के दौरान व्यापारियों से कहा गया कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, बाहरी गतिविधि या असामान्य हलचल की जानकारी तुरंत स्थानीय पुलिस को दें ताकि समय रहते कार्रवाई हो सके। पुलिस अधिकारियों ने साफ कहा कि व्यापारियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और अपराध रोकने में जनता और पुलिस का तालमेल सबसे बड़ी ताकत है। बहरहाल, कोरिया पुलिस का यह अलर्ट अभियान साफ संकेत दे रहा है कि जिले में अब अपराधियों की हर गतिविधि कैमरों और पुलिस की पैनी नजर में रहेगी।
0
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

