कांकेर, 27 मई (आरएनएस)। अटल आवास शिवनगर में देर रात शराब कारोबारियों की गुपचुप मंडी सज रही थी, लेकिन पुलिस की 9 टीमों ने ऐसा घेरा डाला कि अवैध महुआ शराब बेचने वाले एक-एक आरोपी सीधे गिरफ्त में आ गए। उत्तर बस्तर कांकेर जिले में चल रहे उजियारा अभियान के तहत सिटी कोतवाली पुलिस ने अवैध शराब कारोबार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए अटल आवास शिवनगर में छापेमार अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक निखिल अशोक कुमार राखेचा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक योगेश साहू और एसडीओपी मोहसीन खान के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी प्रतीक दादासाहब बनसोडे को मुखबिर से सूचना मिली थी कि शिवनगर इलाके में खुलेआम महुआ शराब बेची जा रही है। सूचना मिलते ही थाना कांकेर पुलिस ने 9 अलग-अलग टीमें बनाकर पूरे इलाके की घेराबंदी की और एक साथ रेड कार्रवाई कर 9 आरोपियों को पकड़ लिया। गिरफ्तार आरोपियों में उमेश्वरी यादव 22 वर्ष, मायावती विश्वकर्मा 40 वर्ष, हरिओम ध्रुव 35 वर्ष, बिरेंदा सेढिया 32 वर्ष, राखी सिंह 35 वर्ष, डुमेश्वरी सेढिया 29 वर्ष, रमेश मंडावी 24 वर्ष, चैतूराम सलाम 20 वर्ष और उर्मिला बघेल 30 वर्ष शामिल हैं, सभी निवासी अटल आवास शिवनगर कांकेर। कार्रवाई के दौरान आरोपियों के कब्जे से कुल 59.5 लीटर देशी महुआ शराब, बिक्री रकम 550 रुपये, प्लास्टिक ड्रम, जर्मन के गंजी और शराब बनाने में इस्तेमाल सामग्री जब्त की गई। जब्त संपत्ति की कुल कीमत करीब 7200 रुपये आंकी गई है।
सभी आरोपियों के खिलाफ आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत अलग-अलग प्रकरण दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई। इस पूरी कार्रवाई में उपनिरीक्षक सुरेंद्र मानिकपुरी, मनोरथ जोशी, सउनि सोमेन्द्र सिंह, भुनेश्वरी भगत सहित पुलिस टीम की अहम भूमिका रही। बहरहाल, कांकेर पुलिस का साफ संदेश है—अवैध शराब के कारोबार से जुड़े लोग अब उजियारा अभियान की रडार पर हैं और अगली बारी किसी की भी हो सकती है।
0

