० जिला शिक्षाधिकारी ने अनुपस्थित कर्मचारियों को नोटिस किया जारी
सुकमा, 27 मई (आरएनएस)। जिले के अतिसंवेदनशील क्षेत्र रहे जगरगुंडा में शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में जिला शिक्षा अधिकारी जीआर मंडावी ने बड़ा कदम उठाया। उन्होंने जगरगुंडा, चिंतलनार और चिंतागुफा के स्कूलों, छात्रावासों एवं पोटा केबिनों का आकस्मिक निरीक्षण कर शिक्षा विभाग की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान एजुकेशन सिटी जगरगुंडा के लिए आबंटित स्थल का भी मुआयना किया गया, जिससे क्षेत्र में भविष्य की शैक्षणिक योजनाओं को गति मिलने की उम्मीद बढ़ गई है।
निरीक्षण के दौरान जिला शिक्षा अधिकारी ने पोटा केबिन एवं आरएमएसए छात्रावास में अधीक्षक और अनुदेशकों की अनुपस्थिति पर नाराजगी जताई। उन्होंने लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। वहीं हायर सेकेंडरी स्कूल जगरगुंडा में लैब और निर्माणाधीन पुस्तकालय का निरीक्षण कर गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और बेहतर सुविधाओं को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
इसके अलावा हाई स्कूल पोलमपल्ली के निर्माण कार्य का भी निरीक्षण किया गया। अधिकारियों ने निर्माण कार्य में गुणवत्ता और समयसीमा का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। इस अवसर पर सहायक कार्यक्रम समन्वयक आशीष राम एवं खंड स्रोत समन्वयक कोंटा वीरभद्र राव भी उपस्थित रहे। जिला शिक्षा अधिकारी के इस दौरे को नक्सल प्रभावित रहे क्षेत्र में शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में अहम पहल माना जा रहा है।
०
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

