सुकमा, 27 मई (आरएनएस)। कलेक्टर महोदय के निर्देशानुसार मंगलवार को बस्तर सेवक मंडल बाल गृह (बालक) छिंदगढ़ का जिला स्तरीय निरीक्षण समिति द्वारा औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण का उद्देश्य बाल गृह में रह रहे बच्चों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं, सुरक्षा व्यवस्था, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं पोषण संबंधी व्यवस्थाओं का जायजा लेना था। निरीक्षण के दौरान समिति ने बालकों से आत्मीय संवाद कर उनकी दिनचर्या, पढ़ाई और आवश्यकताओं की जानकारी भी ली।
इस अवसर पर कलेक्टर अमित कुमार के निर्देशानुसार अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) पी. वी. खेस उपस्थित रहे। उनके साथ बाल कल्याण समिति के अध्यक्ष गिरीश कुमार, सदस्य राजेश राव, जिला बाल संरक्षण अधिकारी जितेन्द्र सिंह सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। निरीक्षण दल ने बाल गृह के विभिन्न कक्षों, भोजनालय, स्वास्थ्य सुविधाओं एवं सुरक्षा व्यवस्थाओं का बारीकी से अवलोकन किया तथा व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने बच्चों के सर्वांगीण विकास, सुरक्षित वातावरण और गुणवत्तापूर्ण देखभाल सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया। समिति ने कहा कि शासन की मंशानुसार बाल गृहों में रहने वाले प्रत्येक बच्चे को बेहतर शिक्षा, स्वास्थ्य एवं संरक्षण उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। अधिकारियों ने संबंधित कर्मचारियों को बच्चों के हितों के प्रति संवेदनशीलता एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य करने के निर्देश देते हुए नियमित मॉनिटरिंग जारी रखने की बात कही।
०
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

