खैरागढ़-छुईखदान-गंडई, 27 मई (आरएनएस)। जिले के थाना गातापार पुलिस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर बच्चों से संबंधित अश्लील वीडियो अपलोड करने के मामले में एक युवक को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आईटी एक्ट की धारा 67(बी ) के तहत कार्रवाई की है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार साइबर एनसीआरबी नई दिल्ली से प्राप्त टिप लाइन सूचना के आधार पर जिले में सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक और अश्लील सामग्री अपलोड करने वालों पर निगरानी रखी जा रही थी। जांच के दौरान थाना गातापार क्षेत्र के ग्राम लछना निवासी अश्वन धुर्वे (26 वर्ष) द्वारा अपने इंस्टाग्राम आईडी से बच्चों से संबंधित अश्लील वीडियो अपलोड करने की पुष्टि हुई। इसके बाद थाना गातापार में अपराध क्रमांक 34/2026 दर्ज कर आरोपी के खिलाफ सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की धारा 67(बी ) के तहत मामला कायम किया गया।
पुलिस ने आरोपी को 25 मई 2026 को गिरफ्तार किया। गिरफ्तारी के दौरान उसे गिरफ्तारी के कारणों की जानकारी दी गई तथा उसके परिजनों को भी सूचित किया गया। बाद में आरोपी को न्यायालय खैरागढ़ में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि बच्चों से संबंधित अश्लील सामग्री सोशल मीडिया पर साझा करना गंभीर अपराध है और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। जिला पुलिस ने आम लोगों से सोशल मीडिया का जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करने और किसी भी प्रकार की आपत्तिजनक या गैरकानूनी गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस या साइबर सेल को देने की अपील की है।
0
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

