गौरेला, 27 मई (आरएनएस)। गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में अवैध खनिज उत्खनन और परिवहन के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ किया है। कलेक्टर डॉ. संतोष देवांगन के निर्देश पर खनिज विभाग की टीम ने गौरेला थाना क्षेत्र के जोबाटोला इलाके में घेराबंदी कर छापेमार कार्रवाई की।
कार्रवाई के दौरान मध्य प्रदेश की ओर अवैध रूप से रेत और गिट्टी का परिवहन कर रहे कुल 6 वाहनों को जब्त किया गया। इनमें दो हाईवा क्रमांक सीजी 31 बी 9031 और सीजी 10 ए जेड 4266, दो ट्रैक्टर, एक टिप्पर तथा गिट्टी से भरा एक अन्य हाईवा सीजी 12 बीपी 9142 शामिल है।
खनिज विभाग की कार्रवाई से इलाके में हड़कंप मच गया। सहायक खनिज अधिकारी आदित्य मानकर ने बताया कि जब्त सभी वाहनों को कलेक्टर परिसर में सुरक्षित खड़ा कराया गया है। वाहनों के खिलाफ खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम 1957 की संबंधित धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
अधिकारियों के अनुसार गिरोह लंबे समय से सीमावर्ती क्षेत्रों में अवैध रेत और गिट्टी परिवहन में संलिप्त था। लगातार मिल रही शिकायतों के बाद विभाग ने योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई को अंजाम दिया।
कलेक्टर डॉ. संतोष देवांगन ने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि जिले में किसी भी प्रकार की अवैध खनिज गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। प्रशासन की निगरानी लगातार जारी रहेगी और अवैध कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इस कार्रवाई में खनिज निरीक्षक सुजीत कंवर, सतीश साहू और साहिब गनी की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। प्रशासन ने संकेत दिए हैं कि आने वाले दिनों में भी अवैध खनन और परिवहन के खिलाफ विशेष अभियान जारी रहेगा।
0
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

