उत्तरकाशी,27 मई(आरएनएस)। चारधाम यात्रा मार्ग पर स्थित वार्ड नंबर 7 में बड़ेथी राजराजेश्वरी मंदिर के पास जाम पड़ी नाली लोगों के लिए बड़ी परेशानी बन गई है। नाली बंद होने से होटलों और घरों का गंदा पानी सड़क पर जमा हो रहा है। मंदिर परिसर के आसपास फैली गंदगी और बदबू से स्थानीय लोगों के साथ चारधाम यात्रा पर जा रहे श्रद्धालुओं को भी भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय निवासी मनसाराम का आरोप है कि बीआरओ ने नाली निर्माण के लिए उनकी जमीन का उपयोग किया लेकिन आज तक मुआवजे का भुगतान नहीं किया गया। इतना ही नहीं, मकान मरम्मत के नाम पर तैयार बिल का भुगतान भी लंबित है। भुगतान न मिलने से नाराज मनसा राम ने विरोधस्वरूप नाली में मिट्टी डाल दी जिससे पानी की निकासी पूरी तरह ठप हो गई। स्थानीय लोगों का कहना है कि यात्रा सीजन में हजारों श्रद्धालु इसी मार्ग से गुजरते हैं लेकिन विभाग समस्या समाधान को लेकर गंभीर नहीं दिख रही। भाजपा नेता गोपाल रावत ने बीआरओ से तत्काल हस्तक्षेप की मांग करते हुए कहा कि मनसा राम का लंबित भुगतान जल्द किया जाए और नाली से मिट्टी हटाकर स्थायी समाधान के लिए पक्की नाली बनाई जाए। स्थानीय लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन किया जाएगा।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

