उत्तरकाशी,27 मई(आरएनएस)। यमुना घाटी के ग्राम प्रहरियों ने दर्जाधारी रामसुंदर नौटियाल से मुलाकात कर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को ज्ञापन भेजा। इसमें ग्राम प्रहरियों के लिए सम्मानजनक मानदेय देने की मांग उठाई। मंगलवार को बड़कोट, पुरोला और मोरी क्षेत्र के 71 ग्राम प्रहरी, ग्राम प्रहरी अध्यक्ष रणवीर सिंह राणा के नेतृत्व में दर्जाधारी रामसुंदर नौटियाल से मिले। उन्होंने बताया कि ग्राम प्रहरी वृक्षारोपण, स्वच्छता अभियान, वनाग्नि सुरक्षा और अन्य सरकारी कार्यक्रमों में सहयोग करते हैं। ग्राम प्रहरियों का कहना है कि उन्हें केवल 2 हजार रुपये मानदेय मिलता है, जो आज के समय में बहुत कम है। उन्होंने बताया कि लगातार सरकारी कार्यों में व्यस्त रहने के कारण वे खेती और मजदूरी जैसे अन्य काम भी नहीं कर पाते। दर्जाधारी रामसुंदर नौटियाल ने कहा कि ग्राम प्रहरी गांवों में कानून व्यवस्था और सुरक्षा के लिए अहम जिम्मेदारी निभा रहे हैं। उन्होंने आश्वासन दिया कि वे मुख्यमंत्री से मुलाकात कर ग्राम प्रहरियों के लिए सम्मानजनक मानदेय की मांग उठाएंगे।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

