हरिद्वार,27 मई(आरएनएस)। हरिद्वार ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र के ग्राम टिक्कमपुर स्थित शिव मंदिर में बुधवार को बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर बहुउद्देशीय शिविर लगाया गया। इसमें आईं कुल 20 शिकायतों में से छह का मौके पर समाधान कर दिया गया।शिविर का आयोजन समाज कल्याण योजनाएं एवं अनुश्रवण समिति के उपाध्यक्ष एवं राज्यमंत्री देसराज कर्णवाल की ओर से किया गया। दोपहर एक बजे शिविर में पहुंचे देसराज कर्णवाल ने ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं। जनसंवाद कार्यक्रम शाम चार बजे तक चला, जिसमें पट्टे की जमीन, दिव्यांग पेंशन, किसान सम्मान निधि, वृद्धावस्था पेंशन, विधवा पेंशन, आवास और शौचालय जैसी योजनाओं से जुड़ी करीब 20 शिकायतें सामने आईं। इनमें से छह समस्याओं का मौके पर ही समाधान कर दिया गया, जबकि शेष मामलों में संबंधित विभागीय अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने पात्र लाभार्थियों के आवेदन भी मौके पर भरवाए और योजनाओं की जानकारी दी। ग्रामीणों ने शिविर के माध्यम से एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों की सेवाएं मिलने पर संतोष जताया। कार्यक्रम के दौरान बाल विकास विभाग और आंगनबाड़ी की ओर से दो लाभार्थियों को मुख्यमंत्री महालक्ष्मी किट भी वितरित की गई। देसराज कर्णवाल ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता है कि योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे और लोगों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान हो।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

