नरसिंहपुर 27 मई (आरएनएस)। जिले के सुआतला थाना क्षेत्र अंतर्गत रामपुरा घाट पर बुधवार को एक युवक की ट्रैक्टर पलटने से मौत हो गई। मृतक की पहचान रमपुरा निवासी सूरज पटेल (35) के रूप में हुई है। वह रेत लेने घाट पर गया था।
जानकारी के अनुसार, सूरज पटेल ट्रैक्टर-ट्रॉली से रेत लेने घाट पर पहुंचा था। रेत से भरी ट्रॉली घाट से ऊपर चढ़ते समय अनियंत्रित होकर पलट गई। इस हादसे में सूरज गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद परिजन और स्थानीय लोगों ने घायल सूरज पटेल को तत्काल निजी वाहन से करेली अस्पताल ले जाने का प्रयास किया। हालांकि, अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसने रास्ते में दम तोड़ दिया।
मृतक के भाई नेतराम पटेल ने बताया कि सूरज ट्रैक्टर में रेत भरवाने घाट पर गया था। घाट से ऊपर चढ़ते समय ट्रॉली का पहिया टूट गया, जिससे ट्रैक्टर-ट्रॉली पलट गई और सूरज उसके नीचे दब गया। गंभीर चोटों के कारण उसकी मृत्यु हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए करेली अस्पताल भेजा गया है, जहां आगे की प्रक्रिया जारी है।

