धमतरी, 28 जून (आरएनएस)। जिले में राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान-2026 का शुभारंभ आज शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, इतवारी बाजार, धमतरी में महापौर रामु रोहरा द्वारा पाँच वर्ष तक के बच्चों को पोलियोरोधी दवा की दो बूंद पिलाकर किया गया। इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने अभिभावकों से अपने सभी बच्चों को पोलियो की खुराक अवश्य पिलाने की अपील करते हुए अभियान में सक्रिय सहभागिता का आह्वान किया।
कार्यक्रम में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी एवं जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. यू.एल. कौशिक, जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आदित्य सिन्हा, जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. जे.पी. दीवान, डॉ. रेहाना क़ादिर, डॉ. पूजा जैन, रूपम, तिलक सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, नर्सिंग अधिकारी, नर्सिंग छात्र-छात्राएं, पालक एवं बड़ी संख्या में नन्हे बच्चे उपस्थित रहे।
इस अवसर पर अधिकारियों ने कहा कि पोलियो जैसी गंभीर बीमारी से बच्चों की सुरक्षा के लिए प्रत्येक पात्र बच्चे को पोलियो की खुराक पिलाना अत्यंत आवश्यक है। नियमित टीकाकरण के साथ-साथ पल्स पोलियो अभियान भी बच्चों को आजीवन अपंगता से बचाने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने आसपास के सभी पाँच वर्ष तक के बच्चों को भी निकटतम पोलियो बूथ पर ले जाकर दवा अवश्य पिलाएं।
स्वास्थ्य विभाग द्वारा जिले में अभियान के सफल संचालन हेतु सभी शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में पोलियो बूथ स्थापित किए गए हैं। इसके अतिरिक्त घर-घर भ्रमण करने वाली स्वास्थ्य टीमों के माध्यम से भी यह सुनिश्चित किया जाएगा कि कोई भी पात्र बच्चा पोलियो की खुराक से वंचित न रहे। अभियान को सफल बनाने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने आमजन से सहयोग एवं जनभागीदारी की अपील की है।
0
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

