कथित भूमि घोटाले की निष्पक्ष जांच की मांग
जबलपुर। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के खिलाफ कथित भूमि घोटाले के आरोपों को लेकर युवक कांग्रेस ने रविवार को जबलपुर के कांचघर चौक पर विरोध प्रदर्शन किया। प्रदेश युवक कांग्रेस अध्यक्ष यश घनघोरिया के निर्देश पर आयोजित प्रदर्शन में कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री का पुतला दहन कर निष्पक्ष जांच और इस्तीफे की मांग की।
प्रदर्शन का नेतृत्व एडवोकेट रोहित ने किया। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री के कार्यकाल के दौरान उज्जैन जिले में कथित रूप से भूमि खरीद-फरोख्त में अनियमितताएं हुई हैं। प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए और जांच रिपोर्ट सार्वजनिक की जाए।
एडवोकेट रोहित ने दावा किया कि वर्ष 2023 से 2025 के बीच मुख्यमंत्री और उनके परिवार के नाम पर भूमि में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस कथित भूमि खरीद की जांच कर सच्चाई जनता के सामने लाई जानी चाहिए।
प्रदर्शन के दौरान युवक कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कथित भूमि घोटाले की जांच और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की। कार्यकर्ताओं ने कहा कि यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
नोट: इस प्रदर्शन के दौरान लगाए गए आरोप युवक कांग्रेस के नेताओं द्वारा लगाए गए हैं।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

