जबलपुर 28 जून (आरएनएस)। शहर के पूर्व विधानसभा क्षेत्र के सात से आठ वार्डों में पिछले 15–20 दिनों से गहराते जल संकट को लेकर कांग्रेस और स्थानीय नागरिकों का आक्रोश फूट पड़ा। क्षेत्रीय पार्षद संजय साहू के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं और रहवासियों ने कुली हिल टैंक का घेराव कर नगर निगम प्रशासन और महापौर के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की।
प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि कुली हिल टैंक को पहले परियट जलाशय से भरा जाता था, लेकिन वहां पानी समाप्त होने के बावजूद नगर निगम ने समय रहते वैकल्पिक व्यवस्था नहीं की। कांग्रेस की मुख्य मांग है कि कुली हिल टैंक को तत्काल ललपुर की नर्मदा जल योजना से जोड़ा जाए, ताकि क्षेत्र के लोगों को नियमित और पर्याप्त पेयजल मिल सके।
प्रदर्शन के दौरान अधिकारियों को ज्ञापन सौंपते हुए पार्षद संजय साहू ने चेतावनी दी कि यदि अगले कुछ दिनों में जल संकट का स्थायी समाधान नहीं किया गया, तो नगर निगम मुख्यालय का व्यापक घेराव किया जाएगा। उन्होंने कहा कि नगर निगम की लापरवाही के कारण जनता बूंद-बूंद पानी के लिए परेशान है।
संजय साहू ने आरोप लगाया कि यदि परियट जलाशय में पानी की कमी थी तो नगर निगम को एक माह पहले ही एक समय जलापूर्ति लागू कर देनी चाहिए थी, ताकि लोग अपनी जरूरतों के अनुसार पानी का प्रबंधन कर लेते। लेकिन प्रशासन ने देर से निर्णय लिया, जिससे आज गंभीर जल संकट की स्थिति पैदा हो गई है।
उन्होंने कहा कि कुली हिल टैंक को ललपुर की नर्मदा जल योजना से जोडऩे पर पूर्व विधानसभा क्षेत्र के सात से आठ वार्डों में पेयजल संकट काफी हद तक समाप्त हो जाएगा। उन्होंने प्रशासन को चेतावनी दी कि यदि जल्द मांग पूरी नहीं हुई तो कांग्रेस नगर निगम मुख्यालय पर बड़ा आंदोलन करेगी, जिसकी पूरी जिम्मेदारी नगर निगम प्रशासन और महापौर की होगी।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

