बिलासपुर 28 मई (आरएनएस)“रात के अंधेरे में सड़क पर मौत का लाइव स्टंट चल रहा था, तेज रफ्तार आर्टिका कार की छत पर युवती बैठी थी और नीचे सड़क पर गुजर रहे लोग दहशत में थे, लेकिन कुछ ही घंटों में यह सनक पुलिस केस में बदल गई।”
बिलासपुर जिले के थाना कोनी क्षेत्र में चलती कार पर खतरनाक स्टंटबाजी का मामला सामने आया है, जहां आर्टिका कार क्रमांक CG 10 CD 1416 का चालक तेज रफ्तार में वाहन दौड़ाते हुए कार की छत पर युवती को बैठाकर सड़क पर जानलेवा करतब कर रहा था। घटना 24 मई 2026 की रात करीब 11:10 बजे से 25 मई की रात 12:30 बजे के बीच मौहारपारा निरतू रतनपुर रायपुर रोड की बताई जा रही है।
शिकायतकर्ता धर्मेंद्र सूर्यवंशी निवासी सेंदरी ने थाना कोनी पहुंचकर लिखित रिपोर्ट दर्ज कराई, जिसके बाद कोनी पुलिस ने तत्काल कार्रवाई शुरू की। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी चालक सार्वजनिक सड़क पर बेहद लापरवाही और खतरनाक तरीके से वाहन चला रहा था, जिससे कार की छत पर बैठी युवती की जान जोखिम में पड़ गई थी। साथ ही सड़क पर गुजर रहे अन्य वाहन चालक और राहगीर भी बड़े हादसे का शिकार हो सकते थे।
मामले में थाना कोनी पुलिस ने अपराध क्रमांक 263/2026 दर्ज कर आरोपी चालक के खिलाफ धारा 281 बीएनएस एवं 184 मोटर व्हीकल एक्ट के तहत अपराध कायम किया है।
आरोपी – नाम: राहुल कौशिक
– पिता का नाम: भागवत कौशिक
– उम्र: 30 वर्ष
– निवासी: सरकंडा, बिलासपुर
पुलिस ने आरोपी चालक को हिरासत में लेकर मामले में वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं इस घटना ने सोशल मीडिया रील और दिखावे के लिए किए जा रहे खतरनाक स्टंट पर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं। बिलासपुर पुलिस ने साफ संदेश दिया है कि सार्वजनिक सड़कों पर जान जोखिम में डालने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

