0 राजापुर उप तहसील कार्यालय में जमीन संबंधी काम को लेकर बढ़ा विवाद, स्ष्ठरू ने कराया बीच-बचाव=
अंबिकापुर/सीतापुर, 28 मई (आरएनएस)। छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में सीतापुर विधायक रामकुमार टोप्पो पर नायब तहसीलदार से मारपीट का आरोप लगा है। मामला मैनपाट के राजापुर उप तहसील कार्यालय का है, जहां जमीन संबंधी दस्तावेज के कार्य को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते तनावपूर्ण स्थिति में बदल गया। घटना के बाद दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है।
जानकारी के अनुसार विधायक रामकुमार टोप्पो की चचेरी बहन सीमा धनकी ने जमीन के शाख शोध पत्र बनवाने के लिए 14 मई को आवेदन जमा किया था। आरोप है कि कई दिनों से उन्हें काम के लिए कार्यालय के चक्कर लगाने पड़ रहे थे। बुधवार को भी वे अपने कार्य के सिलसिले में उप तहसील कार्यालय पहुंचीं।
=फाइल फेंकने और अभद्र व्यवहार का आरोप=
सीमा धनकी ने आरोप लगाया है कि जब उन्होंने नायब तहसीलदार तुषार मानिक से फाइल पर हस्ताक्षर करने के लिए कहा, तो वे नाराज हो गए। आरोप है कि उन्होंने फाइल फेंक दी और कार्यालय से बाहर जाने के लिए कहा। इस घटना की जानकारी विधायक रामकुमार टोप्पो को दी गई, जिसके बाद उनके समर्थक उप तहसील कार्यालय पहुंच गए।
बताया जा रहा है कि शाम करीब 6 बजे विधायक रामकुमार टोप्पो ने सीतापुर लौट चुके नायब तहसीलदार तुषार मानिक को वापस राजापुर बुलाया। इस दौरान एसडीएम फागेश सिन्हा भी मौके पर पहुंचे।
=नायब तहसीलदार ने लगाया मारपीट का आरोप=
नायब तहसीलदार तुषार मानिक का आरोप है कि विधायक रामकुमार टोप्पो और उनके समर्थकों ने उनके साथ धक्का-मुक्की की और मारपीट की। उन्होंने कहा कि विधायक समर्थकों ने उनके कपड़े भी फाड़ दिए। तुषार मानिक के अनुसार विधायक ने अपनी बहन के साथ अभद्र व्यवहार का आरोप लगाते हुए उनसे बहस की, जिसके बाद समर्थकों ने हमला कर दिया।
स्थिति बिगड़ती देख एसडीएम फागेश सिन्हा ने हस्तक्षेप किया और नायब तहसीलदार को वहां से सुरक्षित बाहर निकालकर अंबिकापुर ले गए।
=विधायक पक्ष ने भी की शिकायत=
दूसरी ओर विधायक रामकुमार टोप्पो और उनकी बहन सीमा धनकी भी सीतापुर थाने पहुंचे और नायब तहसीलदार पर अभद्र व्यवहार तथा फाइल फेंकने का आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई है। विधायक समर्थकों का कहना है कि उनकी बहन के साथ गलत व्यवहार किया गया, जिससे विवाद की स्थिति बनी।
=कलेक्टर बोले- पुलिस करेगी कानूनी कार्रवाई=
घटना की जानकारी मिलने के बाद सरगुजा कलेक्टर अजीत बसंत ने एसडीएम फागेश सिन्हा और नायब तहसीलदार तुषार मानिक से पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। कलेक्टर ने कहा कि नायब तहसीलदार ने विधायक और उनके समर्थकों पर मारपीट का आरोप लगाया है। मामले में पुलिस नियमानुसार कार्रवाई करेगी।
घटना के बाद नायब तहसीलदार तुषार मानिक, एसडीएम फागेश सिन्हा और अन्य राजस्व अधिकारी रिपोर्ट दर्ज कराने अंबिकापुर कोतवाली थाने पहुंचे। फिलहाल पुलिस दोनों पक्षों की शिकायत के आधार पर मामले की जांच कर रही है।
0
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

