रायगढ़ 28 मई (आरएनएस) “रात में दोस्तों संग शराब पार्टी चली, फिर शुरू हुआ झगड़ा और कुछ घंटों बाद बरगद के नीचे मिला किशोर का शव”, रायगढ़ जिले के खरसिया थाना क्षेत्र में हुए सनसनीखेज हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। ग्राम गुरदा के डोगरमुड़ा खार में मिले 16 वर्षीय किशोर के शव मामले में खरसिया पुलिस ने दो युवकों और एक विधि से संघर्षरत बालक को गिरफ्तार किया है। पुलिस जांच में सामने आया कि शराब पार्टी के दौरान चखना के लिए आम तोड़ने की बात पर विवाद शुरू हुआ और फिर आरोपियों ने किशोर के साथ बेरहमी से मारपीट कर दी। गंभीर चोट लगने से किशोर खेत की मेड़ से फिसलकर तालाब की ओर गिर पड़ा और उसकी मौत हो गई। घटना के बाद आरोपियों ने शव को उठाकर बरगद पेड़ के नीचे रख दिया ताकि मामला दुर्घटना जैसा लगे। मामला 25 मई 2026 को सामने आया जब ग्राम गुरदा के डोगरमुड़ा खार में शव मिलने की सूचना पुलिस को मिली। मौके पर एसडीओपी प्रभात पटेल, थाना प्रभारी सीताराम ध्रुव, एफएसएल टीम और डॉग स्क्वॉड पहुंची। मृतक की पहचान ग्राम बरभौना निवासी 16 वर्षीय किशोर के रूप में हुई। जांच में मृतक के भाई ने बताया कि गांव का ऋषि डनसेना उसे पल्सर बाइक पर काम कराने ले गया था, लेकिन देर रात तक घर नहीं लौटने पर खोजबीन शुरू हुई। पुलिस ने संदेह के आधार पर चन्द्रशेखर उर्फ चंदा डनसेना पिता सेतराम डनसेना उम्र 22 वर्ष निवासी बरभौना थाना छाल, रघुसिंह उर्फ रघुनाथ राठिया पिता नरसिंग राठिया उम्र 30 वर्ष निवासी बेहरामुड़ा थाना छाल और एक नाबालिग को हिरासत में लेकर पूछताछ की। आरोपियों ने हत्या और शव छिपाने की बात कबूल कर ली। पुलिस ने आरोपियों के कपड़े भी जप्त किए हैं और मामले में धारा 103(1), 238 और 3(5) बीएनएस के तहत कार्रवाई कर सभी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। एसएसपी शशि मोहन सिंह ने साफ कहा है कि हत्या कर साक्ष्य छिपाने वालों को किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाएगा। फिलहाल रायगढ़ पुलिस की त्वरित कार्रवाई ने एक और अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझा दी है, लेकिन यह वारदात बता गई कि नशा और हिंसा का मेल कितनी जल्दी जिंदगी खत्म कर सकता है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

