रायपुर, 28 मई (आरएनएस)। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने विश्रामपुर थाना विवाद, नगर पंचायत चुनाव और प्रदेश की कानून व्यवस्था को लेकर राज्य सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। रायपुर में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने कहा कि प्रशासनिक दबाव और राजनीतिक प्रभाव के जरिए विपक्षी नेताओं को निशाना बनाया जा रहा है।
दीपक बैज ने बताया कि सूरजपुर जिले के विश्रामपुर थाना मामले को लेकर कांग्रेस ने 25 से 27 मई तक लगातार धरना प्रदर्शन और भूख हड़ताल की। कांग्रेस का आरोप है कि शिवनंदनपुर नगर पंचायत चुनाव को प्रभावित करने के उद्देश्य से जिला कांग्रेस उपाध्यक्ष नरेंद्र जैन के खिलाफ दबाव में एफआईआर दर्ज की गई और बिना हथियार बरामद हुए उन पर आम्र्स एक्ट लगाया गया।
उन्होंने कहा कि आंदोलन के बाद प्रशासन ने कांग्रेस पक्ष की शिकायत पर भी मामला दर्ज किया है और जांच डीएसपी स्तर के अधिकारी को सौंपने का आश्वासन दिया गया है। कांग्रेस का आरोप है कि सत्ता पक्ष चुनाव के दौरान प्रशासनिक तंत्र और धनबल का दुरुपयोग कर रहा है। वहीं भाजपा की ओर से पहले ही शिकायत दर्ज कराई गई थी कि विवाद के दौरान गाली-गलौज और धमकी दी गई थी।
=कानून व्यवस्था पर भी उठाए सवाल=
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कांग्रेस ने प्रदेश की कानून व्यवस्था को लेकर भी सरकार को घेरा। दीपक बैज ने रायपुर, बिलासपुर, पेंड्रा और कवर्धा समेत कई क्षेत्रों में बढ़ती आपराधिक घटनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि प्रदेश में लोगों के बीच असुरक्षा का माहौल बन रहा है।
उन्होंने आरोप लगाया कि राजधानी समेत कई शहरों में लगातार अपराध बढ़ रहे हैं और सरकार कानून व्यवस्था संभालने में विफल साबित हो रही है।
=सीतापुर विधायक मामले में निष्पक्ष जांच की मांग=
कांग्रेस ने सीतापुर विधायक रामकुमार टोप्पो और नायब तहसीलदार विवाद का मुद्दा भी उठाया। पार्टी ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए कहा कि कानून सभी के लिए समान होना चाहिए।
फिलहाल इन सभी मामलों में पुलिस जांच जारी है। प्रशासन का कहना है कि तथ्यों और जांच रिपोर्ट के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
0
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

