हल्द्वानी 28 मई (आरएनएस)। रेलवे स्टेशन अंतर्गत वनभूलपुरा-गौलापार रेलवे क्रॉसिंग फाटक बुधवार को दो दिनों के भीतर दूसरी दफा खराब हो गया। गेटमैन ने हैंड जेनरेटर की मदद से किसी तरह खुलवाया और बंद करके यातायात सुचारू करवाया। इस दौरान सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और भीषण गर्मी में लोग करीब 20 मिनट तक परेशान होते रहे।
सुबह करीब नौ बजे दिल्ली जाने वाली संपर्क क्रांति एक्सप्रेस और लखनऊ से हल्द्वानी पहुंच रही बाघ एक्सप्रेस की क्रॉसिंग के लिए रेलवे फाटक बंद किया गया था। एक साथ दो ट्रेनों के गुजरने के कारण फाटक पर पहले से ही भारी भीड़ जमा थी। ट्रेनों के निकलने के बाद जब ऑटोमेटिक गेट खोलने की कोशिश की गई तो लॉक सिस्टम जाम हो गया। काफी प्रयास के बावजूद फाटक नहीं खुला तो लोगों का सब्र टूटने लगा।
हालात ऐसे हो गए कि कई बाइक सवार जान जोखिम में डालकर अपने वाहन फाटक के नीचे से निकालने लगे। तेज धूप और उमस के बीच स्कूली बच्चे, नौकरीपेशा लोग और मरीज जाम में फंसे रहे। सड़क पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थिति बिगड़ती देख गेटमैन ने आखिरकार हैंड जेनरेटर की मदद से मैनुअली फाटक खोला, तब जाकर लोगों को राहत मिली। लगातार दूसरी बार रेलवे क्रॉसिंग में आई तकनीकी खराबी ने रेलवे के रखरखाव और मॉनिटरिंग व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। बता दें करीब एक हफ्ते पहले राजपुरा रेलवे फाटक पर भी लॉक टूटने से लोगों को आधे घंटे तक परेशानी झेलनी पड़ी थी। वहीं, इस बाबत हल्द्वानी स्टेशन अधीक्षक अनिल कुमार से बात करने का प्रयास किया गया लेकिन उनसे संपर्क नहीं हो सका।
मेंटेनेंस कायर्:
महत्वपूर्ण ट्रेन रवाना होने के बाद वनभूलपुरा रेलवे क्रॉसिंग पर सुबह साढ़े नौ से साढ़े दस बजे के बीच एक घंटे का मेंटेनेंस ब्लॉक लिया गया था। ऑटोमेटिक रेलवे फाटक की तकनीकि दिक्कत को दुरुस्त कर लिया गया है। – संजीव शर्मा, सीनियन डीसीएम इज्जतनगर मंडल
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

