रुड़की 28 मई (आरएनएस)। पुरानी रंजिश के चलते युवक पर जानलेवा हमला करने के मामले में कोर्ट के आदेश पर लक्सर कोतवाली पुलिस ने चार आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सीमली मोहल्ला निवासी कुसुम ने अदालत में दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि 4 मार्च 2025 को उसके भाई काला ने अपनी बेटी को भगाने का आरोप उसके बेटे पर लगाया था, जिसके चलते वह कई माह जेल में रहा और बाद में जमानत पर छूटा। आरोप है कि इसके बाद से विपक्षी लगातार जान से मारने की धमकी दे रहे थे। पीडि़ता के अनुसार 25 फरवरी की रात उसका बेटा दवा लेने भुरनी रोड स्थित मेरठ अस्पताल गया था। वहां आरोपियों ने उसे घेरकर मारपीट की और चाकू और चापड़ से हमला कर दिया। कार की लाइट पडऩे पर आरोपी मौके से फरार हो गए। घायल युवक को अस्पताल में भर्ती कराया गया। पीडि़ता ने पुलिस और एसएसपी से शिकायत की, लेकिन कार्रवाई नहीं होने पर कोर्ट की शरण ली। एसएसआई नितिन चौहान ने बताया कि कोर्ट के आदेश पर काला उर्फ इसम, लोकेश, नीरज और प्रशांत के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

