0 जान से मारने की धमकी, मामला दर्ज
बिलासपुर, 28 मई (आरएनएस)। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में फैमिली कोर्ट परिसर के बाहर एक महिला को उसके पति द्वारा सरेआम तीन बार ‘तलाकÓ बोलकर रिश्ता खत्म करने और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पीडि़ता की शिकायत पर सिविल लाइन थाना पुलिस ने आरोपी पति के खिलाफ मुस्लिम महिला विवाह अधिकार संरक्षण अधिनियम और धमकी सहित विभिन्न धाराओं में अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, सिविल लाइन थाना क्षेत्र निवासी एक मुस्लिम युवती की शादी करीब दो वर्ष पहले शहर के ही युवक से हुई थी। शादी के कुछ समय बाद से महिला ने पति और ससुराल पक्ष पर प्रताडऩा का आरोप लगाया। लगातार विवाद और कथित उत्पीडऩ से परेशान होकर महिला अपने मायके लौट आई थी। इसके बाद उसने पति और ससुराल वालों के खिलाफ दहेज प्रताडऩा का मामला दर्ज कराया था, जिसकी जांच फिलहाल जारी है।
बताया जा रहा है कि महिला ने अपने भरण-पोषण के लिए कुटुंब न्यायालय में आवेदन भी लगाया था। इसी मामले की सुनवाई के सिलसिले में वह अपने परिजनों के साथ फैमिली कोर्ट पहुंची थी।
सुनवाई के दौरान महिला कुछ दस्तावेजों की फोटोकॉपी कराने न्यायालय परिसर से बाहर गई थी। आरोप है कि इसी दौरान उसका पति वहां पहुंच गया और बीच सड़क पर विवाद शुरू कर दिया। आरोपी ने महिला पर अपनी जिंदगी और परिवार बर्बाद करने का आरोप लगाते हुए गाली-गलौज की। इसके बाद उसने सार्वजनिक रूप से तीन बार ‘तलाकÓ बोलते हुए रिश्ता खत्म करने की बात कही।
पीडि़ता का आरोप है कि विरोध करने पर आरोपी ने उसे जान से मारने की धमकी भी दी और मौके से फरार हो गया। घटना के बाद महिला ने सिविल लाइन थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने मामले में एफआईआर दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। वहीं इस घटना के बाद फैमिली कोर्ट परिसर के बाहर हुई इस हरकत को लेकर लोगों में भी चर्चा का माहौल है।
0
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

