रायपुर, 28 मई (आरएनएस)। राजधानी रायपुर से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां लव मैरिज के महज दो महीने बाद नवविवाहिता के घर से अचानक गायब होने की शिकायत दर्ज कराई गई है। पति ने आरोप लगाया है कि उसकी पत्नी घर से सोने-चांदी के जेवर और 50 हजार रुपये नकद लेकर फरार हो गई है। साथ ही उसने आशंका जताई है कि पत्नी अपने पुराने प्रेमी के साथ चली गई है।
मामला डीडी नगर थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है। जानकारी के अनुसार युवक और युवती करीब छह महीने तक रिश्ते में रहने के बाद 20 मार्च को विवाह बंधन में बंधे थे। शादी के बाद दोनों साथ रह रहे थे, लेकिन अचानक नवविवाहिता के लापता होने से परिवार में हड़कंप मच गया।
पीडि़त पति गगन साहू का आरोप है कि उसकी पत्नी घर में रखे सोने-चांदी के आभूषण और करीब 50 हजार रुपये नकद अपने साथ ले गई है। उसने बताया कि घटना के बाद से वह लगातार पत्नी की तलाश कर रहा है, लेकिन अब तक उसका कोई सुराग नहीं मिला है। पति का यह भी कहना है कि वह पिछले तीन दिनों से थाने के चक्कर लगा रहा है, लेकिन अब तक एफआईआर दर्ज नहीं की गई है। वहीं पुलिस के अनुसार, महिला रायपुर से लगे अमलेश्वर क्षेत्र की रहने वाली है। शिकायत में बताया गया है कि वह कुछ दिन पहले अपने मायके गई थी, जहां से वह कहीं चली गई। चूंकि मामला दूसरे थाना क्षेत्र से जुड़ा हुआ है, इसलिए फिलहाल जांच के बाद आगे की कार्रवाई की बात कही जा रही है।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
0
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

