पिंगला से एसटीएफ ने किया दो आरोपियों को गिरफ्तार
रौनक कुमार शंकर
पश्चिम मेदिनीपुर 28 मई (आरएनएस)। जिले के पिंगला इलाके में पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई से जुड़े एक बड़े नेटवर्क का खुलासा हुआ है। बंगाल एसटीएफ ने मंगलवार देर रात क्षीराई गांव से मुरसलीन और गौतम खांड़ा नाम के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। आरोप है कि ये लोग भारतीय सिम कार्ड के ओटीपी पाकिस्तान के आईएसआई अधिकारियों को बेच रहे थे, जिनका इस्तेमाल व्हाट्सएप अकाउंट खोलकर भारत में जासूसी नेटवर्क चलाने के लिए किया जा रहा था। आईएसआई सूत्रों के अनुसार, पिंगला के एक मोबाइल सिम विक्रेता के यहां फर्जी दस्तावेजों के जरिए बड़ी संख्या में सिम कार्ड निकाले जा रहे थे। जांच में पता चला कि हर महीने हजारों सिम कार्ड बेचे जा रहे हैं। मोबाइल कंपनी से संपर्क करने पर जानकारी मिली कि इन सिमों से व्हाट्सएप अकाउंट खोले गए हैं। जांच के दौरान गौतम खांड़ा का नाम सामने आया और पूछताछ के बाद मुरसलीन तक आईएसआई पहुंची। मुरसलीन को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई तो उसने कबूल किया कि वह भारतीय सिम कार्ड के ओटीपी पाकिस्तान के आईएसआई अधिकारियों को उपलब्ध कराता था। इसके बदले उसे हर ओटीपी पर 2 से 2.5 हजार रुपये तक मिलते थे। जांच एजेंसियों का दावा है कि सोशल मीडिया के जरिए मुरसलीन की पहचान पाक आईएसआई अधिकारियों से हुई थी। बाद में उसे मोटी रकम का लालच देकर इस नेटवर्क में शामिल किया गया। आरोप है कि भारतीय सिम से खोले गए व्हाट्सएप नंबरों के जरिए आईएसआई अधिकारी भारत में मौजूद अपने एजेंटों और मुखबिरों से संपर्क बनाए रखते थे। एसटीएफ को यह भी जानकारी मिली है कि आरोपी मुरसलीन थाईलैंड और कंबोडिया भी गया था, जहां उसकी मुलाकात आईएसआई अधिकारियों से हुई थी। फिलहाल जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि इस नेटवर्क से और कितने लोग जुड़े हुए हैं तथा देश में कहीं और जासूसी का नेटवर्क सक्रिय है या नहीं। इस घटना के सामने आने के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

