बिलासपुर, 28 मई (आरएनएस)। रात होते ही हाईवे किनारे खड़ी ट्रकों की टंकियां खाली होने लगती थीं और सुबह ड्राइवरों को सिर्फ टूटी टंकियां और गायब डीजल मिलता था, बिलासपुर पुलिस ने आखिरकार डीजल लूटपाट करने वाले संगठित गिरोह का पर्दाफाश कर दिया है। सिरगिट्टी और कोनी थाना क्षेत्र में लगातार हो रही वारदातों के बाद पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जो स्कार्पियो और रेनॉल्ट ट्राइबर वाहन से रात में हाईवे पर खड़ी ट्रकों को निशाना बनाते थे।
गिरफ्तार आरोपियों में संजय कुमार कुर्रे पिता देव प्रसाद कुर्रे उम्र 30 वर्ष, मणीशंकर कुर्रे पिता स्व. मनहरण कुर्रे उम्र 24 वर्ष और अमित भारद्वाज पिता हर प्रसाद भारद्वाज उम्र 29 वर्ष निवासी ग्राम बगडबरी थाना बलौदा जिला जांजगीर-चांपा शामिल हैं। पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि 18 मई 2026 को सिरगिट्टी स्थित बेवरेज कॉर्पोरेशन के सामने खड़े वाहन से आरोपी डीजल चोरी कर रहे थे, विरोध करने पर उन्होंने मारपीट भी की। इसके बाद 24 मई को कोनी क्षेत्र में ट्रेलर सीजी 10 बीएल 8136 की टंकी तोड़कर करीब 100 लीटर डीजल लूट लिया गया, वहीं 28 मार्च को सेंदरी हाईवे में खड़े ट्रेलर से करीब 270 लीटर डीजल चोरी किया गया था।
लगातार वारदातों को देखते हुए एसएसपी रजनेश सिंह के निर्देश पर एसीसीयू और थाना सिरगिट्टी पुलिस की विशेष टीम बनाई गई। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्य और लगातार रेड कार्रवाई के बाद गिरोह तक पहुंच बनाई। पूछताछ में आरोपियों ने बिलासपुर समेत बेमेतरा, बलौदाबाजार, कवर्धा, महासमुंद, रायगढ़, कोरबा, सकरी बायपास, सरगांव और जांजगीर हाईवे में भी इसी तरह की वारदातें करना स्वीकार किया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त स्कार्पियो, रेनॉल्ट ट्राइबर, एक धारदार चाकू, 74 लीटर डीजल और 2600 रुपये नगद जप्त किए हैं। आरोपियों के खिलाफ धारा 303(2), 111, 309(4), 3(5) बीएनएस और 25, 27 आम्र्स एक्ट के तहत कार्रवाई कर जेल भेज दिया गया है। फिलहाल पुलिस अब इस पूरे डीजल सिंडिकेट के बाकी फरार सदस्यों की तलाश में जुटी है, क्योंकि हाईवे पर सक्रिय यह गिरोह लंबे समय से ट्रांसपोर्टरों के लिए सिरदर्द बना हुआ था।
०


