रायपुर,28 मई (आरएनएस) राजधानी रायपुर में शहर के एक प्रमुख मार्ग का नाम बदलने की तैयारी शुरू हो गई है। रायपुर नगर निगम की मेयर इन काउंसिल (एमआईसी) बैठक में सद्दानी चौक से कोतवाली चौक तक के मार्ग का नाम स्वर्गीय ओमप्रकाश पुजारी के नाम पर रखने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी गई है।
बुधवार को आयोजित एमआईसी बैठक में प्रस्ताव पर सहमति बनने के बाद इसे आगे की विभागीय स्वीकृति के लिए भेजा गया है। साथ ही इसे नगर निगम की आगामी सामान्य सभा की बैठक में प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
जानकारी के अनुसार, गौड़ ब्राह्मण समाज महिला इकाई की अध्यक्षा प्रतिभा ओमप्रकाश पुजारी ने नगर निगम के संस्कृति विभाग को आवेदन देकर इस मार्ग का नामकरण स्व. ओमप्रकाश पुजारी के नाम पर करने की मांग की थी। इस पर विचार करने के बाद एमआईसी ने सर्वसम्मति से प्रस्ताव को मंजूरी दे दी।
स्व. ओमप्रकाश पुजारी का क्षेत्र में सामाजिक और राजनीतिक प्रभाव रहा है। उनका परिवार लंबे समय से इसी इलाके में निवासरत है और ऐतिहासिक जगन्नाथ मंदिर से भी उनका गहरा जुड़ाव रहा है। छात्र राजनीति से अपने सार्वजनिक जीवन की शुरुआत करने वाले पुजारी ने विश्व हिंदू परिषद और भारतीय जनता युवा मोर्चा में सक्रिय भूमिका निभाई थी।
बताया जाता है कि संगठन क्षमता और सामाजिक कार्यों के चलते वे भाजपा और आरएसएस के मजबूत हिंदूवादी चेहरों में गिने जाते थे। वे रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल के बचपन के मित्र भी रहे हैं।
0
Login
अपनी भाषा में समाचार चुनने की स्वतंत्रता | देश की श्रेष्ठतम समाचार एजेंसी

